हिसार। नगर निगम शहर की ऑटो मार्केट की सड़कों व प्लॉटों में पड़े कबाड़ को हटवाएगा। निगमायुक्त ने अधिकारियों को आदेश दिए हैं कि वह इसे लेकर ऑटो मार्केट में मुनादी करवाए, अगर इसके बाद भी व्यापारी कबाड़ नहीं उठाते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
निगमायुक्त अशोक गर्ग ने शुक्रवार को वार्ड-6 के विभिन्न एरिया का निरीक्षण किया। इस दौरान वह ऑटो मार्केट गए। यहां सड़कों व प्लॉटों पर बड़े स्तर पर कबाड़ पड़ा हुआ था। इस देखकर निगमायुक्त ने एक्सईएन जयवीर सिंह डूडी को आदेश दिए कि इस कबाड़ को हटाने के लिए मुनादी करवाए। यदि मुनादी के बाद व्यापारी कबाड़ नहीं उठाते है तो नियमानुसार कार्रवाई करें। वहीं सीएसआई को आदेश दिए कि मलबा जल्द से जल्द उठवाए और सफाई करवाए। मार्केट की टूटी दीवार बनवाई जाए और दुकान नंबर 1123 के सामने सड़क के टुकड़े को सीसी का बनवाया जाए।
पड़ाव चौक पर बनवाया जाएगा शौचालय
पार्षदों ने निगमायुक्त को जहाजपुल स्थित शौचालय को नया बनाने और शौचालय के साथ लगते स्वामी विवेकानंद पार्क की फुटपाथ बनाने की मांग की। निगमायुक्त ने अधिकारियों को जहाजपुल चौक पर नया शौचालय और पार्क में फुटपाथ बनाने के आदेश दिए। वहीं, एक्सईएन को नगर सुधार मंडल की 11बी स्कीम का नक्शा देखकर सड़क की जमीन की पैमाइश करने को कहा। निगमायुक्त ने प्रताप नगर की सड़कों को दुरुस्त करवाने और पीजीएसडी स्कूल से जहाजपुल तक की सड़क के दोनों ओर वाइडनिंग करने के निर्देश दिए। इस मौके पार्षद डॉ. उमेद खन्ना, पार्षद ज्योति महाजन, पार्षद प्रतिनिधि भीम महाजन, एमई अंकुर, जेई कुलदीप, पड़ाव चौक प्रधान जयसिंह वर्मा आदि मौजूद रहे।