रविवार रात्रि को एक घंटे की बारिश ने शहर की सड़कों को जलमग्न कर दिया। जल भराव और बूस्टिंग स्टेशन पर पानी निकासी की स्थिति का जायजा लेने विधायक रात्रि को एक बजे निकले। चार में से तीन बूस्टिंग स्टेशन पर मोटरें बंद मिली और कर्मचारी सोते मिले। ऐसे में विधायक ने अधिकारियों की फोन पर क्लास लगाई। बता दें कि हांसी में जलभराव होने पर लोग सोशल मीडिया पर विधायक और हांसी प्रशासन के खिलाफ पोस्टें डाल रहे थे। जुलाई महीने में नगर परिषद ने बरसाती नालों की सफाई के लिए 25 लाख रुपये का टेंडर किया गया था, मगर अभी तक नालों की सफाई पूरी नहीं हुई है।
रविवार रात्रि एक बजे विधायक जलभराव का निरीक्षण करने चुपचाप निकले। शहर के एसडी महिला कॉलेज रोड, जगदीश कॉलोनी, कृष्णा कॉलोनी, मंडी सैनियान, त्रिमूर्ति चौक, श्याम बाबा मंदिर मार्ग, आंबेडकर चौक, विश्वकर्मा चौक पर जलभराव की समस्या बनी हुई थी। विधायक ने शहर के चारों बूस्टिंग डिस्पोजल स्टेशन का निरीक्षण किया, ताकि पता चल सकें कि वहां मोटर चल रही है या नहीं। जैसे ही विधायक बूस्टिंग स्टेशन पर पहुंचे तो सिर्फ एक बूस्टिंग डिस्पोजल स्टेशन पर ही मोटर चल रही थी और एक ही कर्मचारी दिखाई दिया। दूसरे पर कर्मचारी मोटर बंद करके सो रहे थे व अन्य दो बूस्टिंग स्टेशन पर कोई भी कर्मचारी मौजूद नहीं था। विधायक ने आधी रात को जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को फोन मिला कर जमकर फटकार लगाई और कहा कि अगर आपके बस की बात नहीं तो आप यहां से अपना तबादला करवा सकते हैं। मगर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और उक्त अधिकारी के खिलाफ उच्च अधिकारियों को लिखा जाएगा।
जलभराव को लेकर सोशल मीडिया पर लोग डाल रहे थे पोस्ट
सोशल मीडिया पर विधायक विनोद भयाना व हांसी प्रशासन के खिलाफ पोस्टें डाली जा रही थी, कि शहर की सड़कों ने नदियों का रूप ले लिया है और विधायक व प्रशासन अपनी आंखें बंद करके बैठा है। जलभराव व सड़कों के साथ बने बरसाती नालों की निकासी का निरीक्षण भी किया। नालों की सफाई का टेंडर 25 लाख रुपये में हुआ था। विधायक पहुंचे तो वहां पर नालों का बुरा हाल बना हुआ था। उसको देख विधायक ने संबंधित अधिकारियों को जमकर लताड़ लगाई और कहा कि जल्द सभी बरसाती नालों की सफाई करवाई जाएं अन्यथा ठेकेदार की पेमेंट रोक दी जाएंगी। वहीं विधायक ने शहर की सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि सफाई नहीं तो वेतन भी नहीं। अगर सफाई व्यवस्था अच्छी प्रकार से नहीं हुई तो वेतन भी रोका जाएगा। विधायक ने कहा कि विकास के मामले में किसी प्रकार से कोताही बर्दाश्त नहीं होगी।
विधायक ने शाम को किया निरीक्षण
विधायक विनोद भ्याना ने सोमवार को अपने आवास पर खुला दरबार लगा कर लोगों की समस्या सुनी और उनका प्राथमिकता से हल करवाने का काम किया। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर अधिकतर समस्याओं का समाधान करने का काम किया। शाम को विधायक विनोद भयाना ने शहर में जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ शहर में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को सख्त आदेश देते हुए कहा कि विकास कार्यों में तेज गति लाई जाए ताकि हलके की जनता को समस्या से निजात मिल सकें। इस मौके पर जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता शशिकांत, एसडीओ राजेश सोनी, जेई विक्रम, गोलू चावला मौजूद थे।