हिसार। गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय (जीजेयू) के दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा केंद्र (सीडीओई) ने 2025-26 शैक्षणिक सत्र के लिए दाखिला प्रक्रिया शुरू कर दी है। 2 जुलाई से केंद्र का प्रवेश पोर्टल खुलेगा। इस वर्ष हरियाणा के सभी जिला मुख्यालयों में शिक्षा केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं।
विश्वविद्यालय ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग (ओडीएल) और ऑनलाइन लर्निंग दोनों माध्यमों से कार्यक्रमों की व्यापक श्रेणी के लिए आवेदन आमंत्रित करता है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा कि विश्वविद्यालय दूरस्थ शिक्षार्थियों की ट्रांसपोर्ट व लॉजिस्टिकल संबंधित समस्याओं को समझता है, इसलिए हरियाणा के लगभग हर जिले में शिक्षा केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। आने वाले समय में परीक्षाएं भी उन्हीं केंद्रों पर आयोजित होंगी।
यह पहल विद्यार्थियों की यात्रा के खर्च को कम करेगी, जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी और विद्यार्थी अपनी शिक्षा को कुशलतापूर्वक पूर्ण कर सकेंगे।
दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा केंद्र के निदेशक प्रो. खुजान सिंह ने कहा कि हमारा मिशन भौगोलिक बाधाओं को तोड़ना और व्यापक विद्यार्थियों को सुलभ, उच्च-गुणवत्ता वाली शिक्षा प्रदान करना है।