पिता राकेश मलिक और कोच संजय मलिक के साथ अंतरा मलिक।
हिसार। हांसी जिले के खेलगांव उमरा के दो पहलवान अंतरा मलिक और सतेंद्र मलिक का भारतीय कुश्ती टीम में चयन हुआ है। दोनों खिलाड़ी अजरबैजान के बाकू में 27 जुलाई से 2 अगस्त तक आयोजित होने वाली अंडर-17 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनके चयन से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
कोच संजय मलिक ने बताया कि विश्व चैंपियनशिप का आयोजन बाकू की नेशनल जिम्नास्टिक एरिना में किया जा रहा है, जिसमें दुनिया के कई देशों के युवा पहलवान हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए भारतीय अंडर-17 बालिका टीम बाकू रवाना हो चुकी है, जिसमें उनकी शिष्या अंतरा मलिक भी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि अंतरा को प्रतियोगिता के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया गया है और उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। विश्व चैंपियनशिप युवा पहलवानों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करने का बड़ा मंच है। भारतीय टीम पदक जीतने के लक्ष्य के साथ प्रतियोगिता में उतरेगी।