किसानों को समझाते हुए अधिकारी।
- फोटो : Hisar
बरवाला। प्रदेश में पिछले एक सप्ताह से धान की खरीद शुरु हो चुकी है। लेकिन बरवाला की अनाज मंडी में अभी भी धान की खरीद शुरू नहीं की गई है। ऐसे में वीरवार को किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। किसानों ने मार्केट कमेटी के कार्यालय पर ताला जड़ दिया व अनाज मंडी के गेट को अवरुद्ध करते हुए धरना लगाकर बैठ गए। किसानों ने इस दौरान भाजपा-जजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यही नहीं नाराज किसानों ने अपने ट्रैक्टर-ट्राली मार्ग पर खड़े कर दिए जिसके चलते मार्ग पर वाहनों की आवाजाही भी एक बार ठप हो गई। हालांकि अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद खरीद एजेंसी हैफेड द्वारा कुल 1490 क्विंटल धान खरीदा गया।
प्रदर्शन की अगुवाई कांग्रेस के किसान सैल के जिला अध्यक्ष राजेश संदलाना ने की। राजेश संदलाना ने कहा कि किसान पिछले 10 दिनों से मंडी में अपने धान की फसल लिए बैठे हैं लेकिन उनके धान की फसल की खरीद शुरू नहीं की जा रही है। पहले सरकार ने धान की खरीद को कुछ समय के लिए रोकने का तुगलकी फरमान जारी कर रखा था और अब भी बरवाला के किसानों के साथ अन्याय किया जा रहा है। ऐसे में किसान हर तरफ से मार झेलने पर मजबूर हैं। किसानों के धरने की सूचना मिलने के बाद नायब तहसीलदार रासवेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे व किसानों से बातचीत करनी चाही। लेकिन किसान केवल एक ही मांग पर अड़े थे कि जब तक धान की खरीद शुरू नहीं हो की जाती, तब तक वे यहां से उठने वाले नहीं हैं। बाद में मौके पर पहुंचे हैफेड के डीएम कर्ण सिंह लोहान ने किसानों से बातचीत कर उन्हें धान की खरीद करने का आश्वासन देकर धरना समाप्त करवाया। खरीद शुरु करने पर किसान मार्केट कमेटी के गेट से अनाज मंडी में धान के ढेरों के पास चले गए। हैफेड के डीएम कर्णसिंह लोहान, मार्केट कमेटी के उपसचिव सुनील कुमार, पवन राजपाल, राकेश, संजय कर्मचारियों ने किसानों को साथ लेकर अनाज मंडी में पहुंचे व धान की नमी जांच कर खरीद शुरू की।