हिसार। आर्य नगर निवासी शीला देवी ने फाइनेंसर से तंग होकर जहर निगलकर जान दे दी। मृतका के बेटे सचिन ने फाइनेंस कंपनी मैनेजर व दो अन्य पर उसकी माता को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। आजाद नगर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सचिन ने बताया कि उसके पिता का वर्ष 2011 में देहांत हो गया था। उसकी माता आंगनबाड़ी में हेल्पर थी। उसने बताया कि वर्ष 2018 में उसकी माता ने घर के निर्माण के लिए जिंदल चौक के पास स्थित इस्वीडास फाइनेंस कंपनी से 2 लाख पांच हजार रुपये का लोन पांच साल के लिए लिया था। इसकी हर महीने पांच हजार रुपये किस्त कंपनी को अदा की जा रही थी। सचिन ने बताया कि वर्ष 2020 में कंपनी को उसकी माता ने लोन के एक लाख 40 हजार रुपये अदा कर दिए थे। उसके बावजूद कंपनी ने एक लाख 92 हजार रुपये बकाया दिखा दिए। जिस पर उसकी माता ने कंपनी के खिलाफ शिकायत दी, लेकिन कंपनी कर्मचारी उनके घर आकर किस्त अदा करने का दबाव बनाने लगे। इससे से परेशान होकर बुधवार शाम करीब चार बजे उसकी माता ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। इसके बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज अग्रोहा में दाखिल कराया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ब्यूरो