हिसार। केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना के खिलाफ शुक्रवार को संयुक्त युवा बेरोजगार मोर्चा के सदस्यों ने लघु सचिवालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी करीब दो घंटे तक लघु सचिवालय के गेट पर डटे रहे। इस दौरान किसान मोर्चा समेत अन्य संगठन के पदाधिकारियों ने उसका समर्थन किया। संयुक्त किसान मोर्चा, आंगनबाड़ी कर्मचारी यूनियन की सदस्यों के साथ युवाओं ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन की अध्यक्षता विकास और संजय वर्मा और संचालन मुकेश दुर्जनपुर और अमित मोर ने किया।
युवाओं ने कहा कि अग्निपथ योजना हमें किसी भी सूरत में नहीं चाहिए। हमारी मांग है कि पुरानी भर्ती प्रक्रिया लागू की जाए। सभी भर्तियों में 3 वर्ष की उम्र में छूट दी जाए। युवाओं पर बनाए गए सभी केस रद्द किए जाएं। गिरफ्तार युवाओं को रिहा किया जाए। संयुक्त किसान मोर्चा के नेताओं ने युवाओं से अपील कि कोई भी युवा कानून हाथ में न लें। युवा सरकारी सपंत्ति को नुकसान न पहुंचाएं। सरकार और प्रशासन यही चाहता है कि ये आंदोलन खराब हो। कुछ असामाजिक तत्व हमारे बीच में आएंगे, उनकी पहचान करके उन्हें पुलिस को सौंपा जाएगा। युवा अनुशासन और शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करना जानता है, मजबूती से लड़ेंगे और जीतेंगे।
आज तालू गांव में संयुक्त बैठक में लेंगे बड़ा फैसला
संयुक्त किसान मोर्चा युवाओं पर कोई केस नहीं लगने देगा। इस लड़ाई में संयुक्त किसान मोर्चा के नेता अगली पंक्ति में खड़े मिलेंगे। अग्निपथ योजना के खिलाफ तालू गांव में शनिवार सुबह 8 बजे संयुक्त किसान मोर्चा, संयुक्त टोल कमेटी एंव सभी किसान मजदूरों और छात्र-युवाओं की संयुक्त बैठक है। अग्निपथ योजना के खिलाफ आंदोलन की आगे की रणनीति बनाकर आंदोलन को मजबूती से लड़ने की योजना बनाई जाएगी। इस मौके पर मोहित, विशाल, प्रदीप, राहुल, साहिल, अंकित, राकेश, ओमबीर, संजय, लवप्रीत, पवन, विक्की, मनजीत, सुमित, ढीलू, अंकित, अनिल, किसान नेता शमशेर सिंह नंबरदार, रणवीर मलिक, दिलबाग सिंह हुड्डा, संदीप सिवाच, हर्षदीप गिल, कुलदीप खरड़, सोमबीर चौधरीवास, सूबे सिंह बूरा, सतबीर, दिनेश सिवाच, विरेंद्र बागोरिया, कुलदीप, काला कनौह, सुरेंद्र नैन लितानी, अमरजीत कुंडू मौजूद रहे।
सतीश बैनीवाल को धमकी देने वालों की गिरफ्तारी की मांग
संयुक्त किसान मोर्चा का एक प्रतिनिधिमंडल एसपी लोकेंद्र सिंह से मिला। संदीप सिवाच, रणबीर मलिक, सरदानंद राजली, हर्षदीप वकील,दिलबाग हुड्डा ने कहा कि किसान नेता सतीश बैनीवाल ने गांव चूली में नशे के खिलाफ अभियान छेड़ रखा है। पुलिस ने तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस से छूटने के बाद नशा तस्करों ने सतीश बैनीवाल को जान से मारने की धमकी दी है। नशा तस्करों को तुरंत प्रभाव से गिरफ्तार किया जाए।