हिसार। सुरक्षित वाहन पॉलिसी के नियमों ताक पर रखकर सड़कों पर दौड़ने वाले निजी स्कूल वाहनों पर शिकंजा कसा जाएगा। नौनिहालों की जान को खतरे में डालने वाले वाहनों के चालान होंगे। अमर उजाला ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर ऐसे वाहनों के बारे में अभियान चलाया था। इसमें काफी ऐसे जर्जर हालत के वाहन भी स्कूली बच्चों को लाते-ले जाते दिखे। काफी वाहनों पर न तो स्कूल का नाम था व न ही पुलिस व चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर लिखे थे। काफी वाहनों में फायर सिस्टम, कैमरे खराब मिले।
अमर उजाला समाचार पत्र ने निजी स्कूल संचालकों की इस लापरवाही पर प्रमुखता से खबरें प्रकाशित की। निरंतर खबर प्रकाशित होने के बाद जिला पुलिस प्रशासन ने संज्ञान लिया है। हिसार पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने मंगलवार को इस मुद्दे पर जिला सभागार में निजी शिक्षण संस्थान, निजी स्कूल संचालक व उनके प्राचार्यों की बैठक ली। बैठक में एसपी लोकेंद्र सिंह ने इनको सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी के तहत सभी निर्धारित मापदंडों को पूरा करने के निर्देश दिए। अगर ऐसा हो जाता है तो नौनिहालों के सिर से खतरा टल जाएगा व उनका घर से स्कूल व स्कूल से घर का सफर सुहावना हो जाएगा।
एसपी लोकेंद्र सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को घर से स्कूल ले जाने तथा वापस घर छोड़ने की पूरी जिम्मेवारी स्कूल संचालकों की है। इसलिए इस कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही न करें। शिक्षण संस्थाओं के सभी वाहनों का रंग पीला, प्राथमिक उपचार बॉक्स, सीसीटीवी कैमरे, चालक का पांच वर्ष का अनुभव व सहायक सहित सभी औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं। इस अवसर पर उप-पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु, एसएचओ ट्रैफिक विनोद कुमार, कॉओर्डिनेटर एसआई दौलत राम आदि मौजूद रहे।
शिक्षा विभाग चलाएगा चेकिंग अभियान
एसपी के आदेश के बाद शिक्षा विभाग भी हरकत में आया है। विभाग की ओर से निजी स्कूल वाहनों की चेकिंग करने का अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए शिक्षा विभाग पुलिस प्रशासन की मदद लेगा व विभाग के कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित करेगा। शिक्षा विभाग ने आदेश दिए हैं कि सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी के नियमों के तहत किए जाने वाले सभी कार्य निर्धारित समयावधि में पूरे करने सुनिश्चित किए जाएं।
जिले में शिक्षण संस्थाओं के वाहनों की चेकिंग करने के लिए एक अभियान चलाया जाएगा। वाहनों में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित स्कूल संचालक एवं प्राचार्य के विरुद्ध निर्धारित मापदंडों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। - कुलदीप सिहाग, जिला शिक्षा अधिकारी हिसार