हिसार। बालसमंद गांव में कोलकाता और मुंबई के बीच खेले जा रहे क्रिकेट मैच पर सट्टा लगाते हुए स्पेशल स्टाफ टीम ने आरोपी राजकुमार को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक लाख 10 हजार रुपये की नकदी, एक एलईडी और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। सदर थाना पुलिस ने बालसमंद निवासी राजकुमार के खिलाफ केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
बोगस ग्राहक बनाकर भेजा
स्पेशल स्टाफ के एएसआई संदीप कुमार ने बताया कि गश्त के दौरान टीम को सूचना मिली की बालसमंद गांव में कोलकाता और मुंबई के बीच खेले जा रहे क्रिकेट मैच पर सट्टा लगाया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम के साथ गांव पहुंचे। वहां पर पुलिस कर्मी अजय को बोगस ग्राहक बनाकर भेजा। उसे पांच सौ रुपये का नोट दिया और कोलकाता की जीत पर लगाने को कहा। इसके बाग अजय ग्राहक बनकर अजय राजकुमार के घर गया और उसे पांच सौ का नोट देकर सट्टा पर्ची ले ली। इसी दौरान अजय ने इशारा किया तो वहां पर रेड मारी। राजकुमार के पास से एक लाख दस हजार रुपये की नकदी, तीन मोबाइल फोन और एक एलईडी बरामद की। सदर थाना पुलिस ने राजकुमार के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत अभियोग अंकित कर उसे गिरफ्तार कर लिया।