हिसार। नाैकरी के नाम पर ठगी का शिकार हुए कई युवक मंगवार को लघु सचिवालय पहुंचे। आरोप है कि समाधान ग्रामीण वेलफेयर एंड इम्प्लायमेंट सर्विस लिमिटेड (भारत सरकार) में नौकरी देने के नाम पर लाखाें रुपये की धोखाधड़ी हुई है। पीड़ित पूजा ने बताया कि एक आरोपी को सिरसा जिले से गिरफ्तार किया गया है।
युवाओं ने बताया कि सिरसा से पहले हिसार और भिवानी में भी फर्जी कार्यालय खोला गया। ठगों ने करीब 15 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी का लालच देकर लगभग 30 लाख रुपये ठगे। युवाओं ने सैलरी न मिलने पर विरोध किया तो आरोपी ऑफिस छोड़कर भाग गए। तब से पीड़ित लगातार थाने और लघु सचिवालय के चक्कर काट रहे हैं लेकिन न्याय नहीं मिला है। पीड़ितों ने आरटीआई भी लगाई लेकिन उसका भी कोई फायदा नहीं हुआ।
आईकार्ड और ज्वाइनिंग लेटर भी दिए
हिसार निवासी पूजा ने बताया कि रेड स्क्वेयर मार्केट स्थित इस फर्जी ऑफिस में 15-20 लोगों को नौकरी दी गई थी। आरोपी ने किसी से 2.30 लाख, किसी से 4 लाख रुपये लिए। हिसार और भिवानी के कम से कम 20 युवाओं को ठगी का शिकार बनाया गया। उनके पास आरोपी द्वारा दिए गए ज्वाइनिंग लेटर, आईकार्ड और रिकॉर्डिंग भी मौजूद हैं। पीड़ित युवाओं का कहना है कि सरकारी नौकरी का झांसा देकर उन्हें आर्थिक और मानसिक रूप से ठगा गया है, और मामले में अब तत्काल कार्रवाई की आवश्यकता है। वहीं, पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन का कहना है कि इस मामले की शिकायत मिली है। जल्द ही जांच कर मामला का पर्दाफाश करेंगे।