हिसार। दिल्ली रोड पर टाटा टेल्मोस मोटर्स के सामने रहने वाले प्रॉपर्टी कारोबारी सतीश अग्रवाल के घर से वीरवार रात करीब सवा दो बजे पांच नकाबपोश घुस आए। चोरों ने एक फुट लंबी छैनी से 60 साल पुरानी अलमारी का ताला तोड़ा और सात लाख रुपये, 50 तोले सोना व तीन किलो चांदी ले गए। पूरी वारदात मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी में चार आरोपी कच्छा पहने दिखाई दे रहे हैं। वहीं एक आरोपी का चेहरा दिखाई दिया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
मकान मालिक सतीश अग्रवाल ने बताया कि उसके मकान के साथ एक खाली प्लॉट है। चोर यहीं से दीवार फांदकर छत पर पहुंचे। इसके बाद खिड़की उखाड़कर बरामदे में आए और घर को खंगालना शुरू किया। चोर मकान में प्लास, पेचकस, छैनी, कैंची व बैटरी (टॉर्च) के साथ प्रवेश करते हैं। इन्हीं उपकरणों के सहारे अलमारी व खिड़की को तोड़ते हैं। चोरों ने लोहे की अलमारी से सात लाख रुपये, 50 तोले सोना और तीन किलो चांदी चोरी की। आरोपी करीब डेढ़ घंटे तक घर में रहे। उन्हें वारदात का पता करीब साढ़े चार बजे चला, जब घर के बुजुर्ग ने दरवाजा खुला देखा। वारदात की सूचना मिलते ही एएसपी उपासना, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट, सीआईए और अर्बन एस्टेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। टीम ने वहां से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुबह करीब साढ़े चार बजे लगा वारदात का पता
सतीश अग्रवाल ने बताया कि रात को वह, पत्नी रेणू और पिता रामेश्वर दास नीचे के कमरों में सो रहे थे। वहीं बेटा चेतन, हर्षित, बहू पल्लवी और पोता अतिक्ष ऊपर के कमरे में सो रहे थे। सुबह करीब साढ़े चार बजे उनके पिता रामेश्वर दास ने कमरे का दरवाजा खुला देखा तो उन्हें उठाया। इसके बाद चेक किया तो पता चला कि चोर वारदात को अंजाम देकर जा चुके थे। सतीश अग्रवाल ने बताया कि उनके पिता रामेश्वर दास जिंदल ग्रुप के साथ राजनीति में भी सक्रिय रहे हैं।
बाहर का है चोर गिरोह
शहर में चोरी, लूट की घटनाएं आम हो चुकी हैं। अपराधियों के मन से पुलिस का खौफ खत्म होता दिखाई दे रहा है। मामले में पुलिस का कहना है कि इस मकान में चोरी करने वाला गिरोह बाहर का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस अभी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई में जुटी है। वहीं पुलिस ने कई संदिग्ध लोगों से भी पूछताछ की है।
मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लिया है। चोरी करने वाला यह कोई गिरोह बाहर का लग रहा है। - सब इंस्पेक्टर अनिल कुमार, अर्बन एस्टेट थाना प्रभारी, हिसार