50 हजार का था अनुमान, 70 हजार को लगी कोरोना वैक्सीन
हिसार। जिले में स्वास्थ्य विभाग ने एक दिन में पहली बार रिकॉर्ड टीकाकरण किया। बुधवार के दिन 70 हजार से अधिक लोगों ने टीका लगवाया है। इनमें से 59 हजार लाभार्थियों ने पहला टीका लगवाया है। सिर्फ 10 हजार 900 लोगों ने दूसरी डोज लगवाई। बुधवार को विभाग ने 50 हजार टीकाकरण करने का अनुमान लगाया था। मगर अनुमान के मुकाबले डेढ़ गुना टीकाकरण हुआ। विभाग ने जिले के शहर व ग्रामीण में 200 से अधिक जगहों पर बूथ बनाए थे, इसी से विभाग यह लक्ष्य पार कर पाया है।
बुधवार को विभाग ने 70 हजार टीकाकरण कर पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए है। इससे पहले 28 अगस्त को एक दिन में विभाग ने 42 हजार टीकाकरण किया था। यह अब तक सबसे अधिक टीकाकरण था। बीते दिनों 35 हजार टीकाकरण हुआ था। यह वैक्सीन का पर्याप्त भंडारण मिलने के बाद ही संभव हुआ। 18 हजार वैक्सीन की अगली खेप बुधवार देर रात तक विभाग के पास पहुंचने की उम्मीद है। इसके लिए फील्ड की आशा वर्कर, बहुउद्देशीय कर्मचारी एवं एएनएम की ड्यूटी लगाई गई थी। जो अपने-अपने एरिया के लोगों को टीका लगवाने बूथों पर लेकर पहुंचे।
42 हजार युवा टीका लगवाने पहुंचे
जिले में 18 से 44 साल तक के युवाओं का टीकाकरण शुरू होने से टीकाकरण की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है और युवा भी टीका लगवाने के प्रति अधिक उत्सुक है। बुधवार को 42 हजार युवा टीका लगवाने पहुंचे। जोकि अन्य वर्ग के मुकाबले एक तरफा रहे। वहीं 4600 सीनियर सिटीजन भी अन्य दिनों की अपेक्षा टीका लगवाने आए।
शहर में होगा अधिक जोर
वीरवार के दिन स्वास्थ्य विभाग शहर में ही ज्यादातर टीकाकरण करेगा। ग्रामीण में उन जगहों पर टीका लगेगा, जिन बूथों पर बुधवार को वैक्सीन बची है। मांग के अनुसार ही विभाग बूथों पर वैक्सीन पहुंचाएगा। मंगलवार को विभाग को 90 हजार वैक्सीन मिली थी। वैक्सीन की कमी में यह कदम उठाया गया है। वरना यह मेगा टीकाकरण अभियान दो दिन चलना था।
यहां लगेगा टीका
शहर में वीरवार को सुखदा अस्पताल, सर्वोदय, सत्यम, लाइफ लाइन अस्पताल, लाजपत नगर स्थित सैंट पॉल स्कूल, सेंट्रल जेल, भारत प्लेस, टीबी अस्पताल, सेक्टर 1-4 स्थित अर्बन हेल्थ सेंटर एवं जिला अस्पताल में बूथ बनाए गए है, जहां टीका लगेगा।
वर्जन
बुधवार को हमने 50 हजार का अनुमान रखा था। बकायदा 70 हजार लोगों ने टीका लगवाया। काफी अच्छा लगा। इसमें हमारी टीम का बहुत सहयोग है, जिन्होंने दूर-दराज एरिया में जाकर टीकाकरण गए। वीरवार को शहर में ही बूथ बनाए है।
डॉ. जितेंद्र शर्मा, डिप्टी सीएमओ, हिसार।