हांसी। लड़की की शादी में संस्था की तरफ से 50-60 हजार रुपये का घरेलू सामान देने का झांसा देकर भाटला के एक व्यक्ति से 31 हजार रुपये ठग लिए गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामला एक महिला सहित तीन लोगों पर दर्ज किया गया है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।
भाटला के राजेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उनके चाचा लीलू की लड़की की शादी 8 मार्च को थी। उन्हें पता चला कि बरवाला में एक संस्था गरीब लड़कियों की शादी में घरेलू सामान देती है। उन्होंने संस्था के सदस्य प्रविंद्र से संपर्क किया। प्रविंद्र ने बताया कि वह गरीब लड़कियों की शादी में फ्रिज, कूलर, एलईडी, डबल बेड, वाशिंग मशीन व अलमारी आदि देते हैं। इनकी कीमत 50-60 हजार रुपये तक होती है। बदले में संस्था को चलाने के लिए 31000 रुपये परिवार वालों से लेते हैं। 25 फरवरी को प्रविंद्र व दो महिलाएं उनके घर पर आए। उन्होंने 31000 रुपये का प्रबंध करके प्रविंद्र को दे दिए। वह 2 मार्च को घर सामान पहुंचाने का आश्वासन देकर चले गए, लेकिन सामान नहीं आया। उन्होंने प्रविंद्र से फोन पर संपर्क किया। 3 मार्च को प्रविंद्र व उसके साथ सतीश कुमार उनके घर आए और सामान दिलवाने की कहकर अपने साथ कार में बैठाकर बरवाला व कैथल लेकर गए और घुमाते रहे। रात 11:30 बजे उन्हें भाटला में उतार कर जान से मारने की धमकी देकर कहा कि न तो 31 हजार रुपये मिलेंगे और न ही सामान मिलेगा।