गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज, डिप्टी स्पीकर रणबीर सिंह गंगवा मीडिया से बातचीत करते हुए
- फोटो : Hisar
हिसार। हम पूरी तरह से अपराध मुक्त हरियाणा बनाने के लिए काम कर रहे हैं। हरियाणा पुलिस में 30 हजार पद खाली हैं। 5 हजार पदों पर परिणाम घोषित हो चुका है, इनकी जल्द ही ज्वाइनिंग होगी। डायल 112 आज लोगों की साथी बन गई है। नशा तस्करी पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाने के लिए नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो का गठन किया है। यह ब्यूरो लोगों को जागरूक भी करेगा और तस्करों के खिलाफ कार्रवाई भी करेगा। यह कहना है गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज का।
वह सोमवार को हिसार में एक निजी कार्यक्रम में पहुंचे थे। मीडिया से बातचीत में उन्होंने नुपूर शर्मा मामले का जिक्र करते हुए कहा कि उदयपुर व अमरावती में जिहादी घटनाएं हुई हैं। ऐसी घटनाओं को देश में पनपने नहीं दिया जाएगा। एनआईए की जांच में मामला सामने आया है कि विदेशों से निर्देशित घटनाएं हैं। हरियाणा पुलिस में करीब 30 हजार पद खाली हैं। 5 हजार पदों की भर्ती जल्द होने वाली है। हम एक बार में 5 हजार से अधिक सिपाही को प्रशिक्षण नहीं दे सकते। सिपाही से लेकर सभी कर्मचारियों व अधिकारियों को साप्ताहिक अवकाश दिया जाएगा। उनसे तय घंटे के अनुसार ही काम लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि आपात स्थिति में आम नागरिकों को 112 डायल करने पर तुरंत मदद मिल रही है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि नए नागरिक अस्पताल के निर्माण के लिए जगह चिह्नि होने के पश्चात शीघ्र निर्माण कार्य आरंभ करवा दिया जाएगा। इस अवसर पर डिप्टी स्पीकर रणबीर सिंह गंगवा, मेयर गौतम सरदाना, पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह, डॉ. योगेश बिदानी, प्रो. कृष्ण लाल रिणवा, रवि सैनी आदि मौजूद रहे।