साइबर क्राइम थाना पुलिस की गिरफ्त में आरोपी।
- फोटो : Hisar
हिसार। फतेहाबाद के गांव हसंगा निवासी छबीला राम से 35 लाख 55 हजार 800 रुपये की धोखाधड़ी के मामले में साइबर क्राइम थाना पुलिस के हत्थे चढ़े दिल्ली की जेजे कॉलोनी निवासी गौरव और मदनपुरा खादर निवासी सुनील को चार दिन के रिमांड के बाद बुधवार को अदालत में पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। आरोपियों से पुलिस ने 29 हजार रुपये व दो एटीएम कार्ड बरामद किए।
शनिवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत से चार दिन के रिमांड पर लिया गया था। आरोपियों से बरामदगी के लिए उन्हें पुलिस मथुरा और दिल्ली लेकर गई थी। मामले में पुलिस ने अब यूपी के मथुरा के गांव मगदा निवासी जितेंद्र कुमार, मथुरा के गांव नौशेपुर निवासी अजय और अलीगढ़ के गांव सहायपुर निवासी यतीश कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को बुधवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से अजय को जेल भेज दिया गया है और यतीश व जितेंद्र को दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। आरोपियों से पुलिस रिमांड अवधि में रुपये, मोबाइल फोन, सिम बरामद करेगी। इस मामले में अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उल्लेखनीय है कि मामले के संबंध में 15 जुलाई को साइबर क्राइम थाना पुलिस ने छबीला राम की शिकायत पर बीर सिंह, प्रमोद, राहुल, राजीव शुक्ला व 25 अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया था। आरोपियों ने इंश्योरेंस पॉलिसी के नाम पर उससे धोखाधड़ी की थी।