हिसार। पुलिस महानिरीक्षक राकेश कुमार आर्य ने मंडल के सभी पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक कर कानून व्यवस्था बनाए रखने व अपराधों की रोकथाम के निर्देश दिए। जिला स्तर पर पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा की।
हिसार मंडल में जनवरी से अब तक पांचों जिलों में चोरी के 939 मुकदमों में से हिसार जिले में सबसे अधिक 289 केस दर्ज हुए। वाहन चोरी के 1046 केस दर्ज हुए हैं। हिसार में 332, हांसी के 85,जींद में 191, सिरसा में 268,फतेहाबाद में 170 केस दर्ज हुए हैं। पुलिस 213 वाहनों को खोज सकी है। कुल 20 प्रतिशत वाहन ही बरामद हो सके हैं। वहीं, हत्या के 43 मुकदमे दर्ज हुए। पिछले वर्ष 2021 में इसी अवधि में 57 केस दर्ज हुए थे। हत्या के प्रयास के 42 केस दर्ज हुए, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 48 केस दर्ज हुए थे। हिसार मंडल के पांचों जिलों में चोरी के 939 मुकदमे दर्ज हुए हैं, पिछले वर्ष उक्त अवधि में 512 केस दर्ज हुए थे। इसमें हिसार जिले में 289 केस दर्ज हुए। हांसी में 84, जींद में 214, सिरसा में 204, फतेहाबाद में 148 केस दर्ज हैं। कुल 7.51 करोड़ रुपये का सामान चोरी हुआ। इसमें से पुलिस 1.93 करोड़ रुपये के सामान बरामद कर चुकी है।
आईजी राकेश कुमार आर्य ने सभी पुलिस अधिकारियों को सीमित समय में चोरी के मामलों पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए। एनडीपीएसएक्ट के तहत हिसार मंडल पुलिस में 419 केस दर्ज हुए। इसमें 614 तस्करों को सलाखों के पीछे पहुंचाया। सरकारी कार्य में बाधा डालने व लोक सेवकों पर हमला के मामले में धाराधीन 332/353 भादसा के तहत 66 मुकदमे दर्ज हुए हैं। आईजी ने पुलिस अधीक्षकों को इन मुकदमों में दोषियों को तुरंत गिरफ्तार करने के निर्देश दिये। ड्रग माफियाओं पर दर्ज मुकदमें व गैर कानून ढंग से कमाई गई संपति अटैच करने कि प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा।
बिना नंबर के वाहन, ब्लैक फिल्म लगी गाड़ियां, अन्य संदिग्ध दिखाई देने वाले वाहनों को सख्ती से चेकिंग कर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सीआईए स्टाफ, स्पेशल स्टाफ, एवीटी स्टाफ, एएनसी व सभी थाना प्रभारी, चौकी इंचार्ज को अपराध का साप्ताहिक टारगेट दिया जाएगा। लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में हिसार के एसपी लोकेंद्र सिंह, सिरसा एसपी अर्पित जैन, हांसी एसपी नितिका गहलोत, जींद एसपी नरेंद्र बिजारणिया, फतेहाबाद एसपी सुरेंद्र सिंह मौजूद रहे।