हिसार। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा बुधवार को 10वीं व 12वीं कक्षा की परीक्षा ली गई। 10वीं कक्षा के शारीरिक शिक्षा, संस्कृत, उर्दू, कंप्यूटर साइंस, संगीत व ड्राइंग विषय की परीक्षा हुई। वहीं 12वीं कक्षा के एग्रीकल्चर व दर्शन शास्त्र विषय की परीक्षा हुई। जिले के 128 परीक्षा केंद्रों पर करीब 15 हजार विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा के दौरान 10 उड़नदस्ता टीमों ने करीब 40 परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर 6 परीक्षार्थियों के यूएमसी बनाए। एचबीएसई की डेटशीट के अनुसार 15 अप्रैल को 12वीं कक्षा के केमिस्ट्री, अकाउंटेंसी व लोक प्रशासन विषय की परीक्षा होगी।
बुधवार को हुई 10वीं व 12वीं की परीक्षा के दौरान चेयरमैन स्पेशल फ्लाइंग स्क्वायड टीम ने 4 परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर 2 यूएमसी बनाए। एसडीएम हिसार की फ्लाइंग टीम ने 4 परीक्षा केंद्रों का चेक किए व 4 यूएमसी बनाए। इनमें एक यूएमसी एचएयू स्थित राजकीय विद्यालय व 3 यूएमसी जाट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बनाए गए।
बुधवार को डीईओ फ्लाइंग टीम ने किरतान, डोभी, बालसमंद, भिवानी रोहिला के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। एसडीएम बरवाला की फ्लाइंग ने बधावड़, खरक पूनिया सहित बरवाला शहर के 4 परीक्षा केद्रों का निरीक्षण किया। बोर्ड सचिव स्पेशल फ्लाइंग टीम ने चौधरीवास, चिड़ौद, तलवंडी रूक्का, मंगाली व कैमरी गांव के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। फ्लाइंग इंचार्ज ने बताया कि इन सभी परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण परीक्षा हुई।
उड़नदस्ता टीमों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। नकल रहित परीक्षा के लिए सख्ती का प्रयोग किया जा रहा है। बुधवार को नकल करने वाले 6 परीक्षार्थियों के यूएमसी बनाए हैं। - कुलदीप सिहाग, जिला शिक्षा अधिकारी हिसार।
लापरवाही : सस्ते किराये के चक्कर में विद्यार्थियों की जान डाल रहे जोखिम में
विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र तक लाने के लिए कुछ स्कूलों द्वारा लापरवाही बर्ती जा रही है। सस्ते किराये के चक्कर में ऑटो बुक करके विद्यार्थियों की जान मुसीबत में डाली जा रही है। वहीं ऑटो चालक भी लालच के चक्कर में ज्यादा से ज्यादा विद्यार्थियों को ऑटो में बैठा रहे हैं। जिस ऑटो में 3 सवारियां अलाउड हैं उसमें 10 से 15 सवारियां बैठाई जा रही हैं। कुछ ऑटो चालक तो विद्यार्थियों को ऑटो के पायदान पर भी खड़ा करके ऑटो दौड़ाते हैं। इस बारे में जब विद्यार्थियों से बातचीत की तो उन्होंने बताया कि हमारे शिक्षकों ने यही ऑटो करके दिया है।
बेसहारा पशु भी बने परीक्षार्थियों के लिए समस्या
परीक्षा केंद्रों में बेसहारा पशु भी परीक्षार्थियों के लिए मुसीबत बने हैं। राजकीय विद्यालय जहाजपुल में दो परीक्षा केंद्र हैं। परीक्षा केेंद्र में बेसहारा पशु घुसे रहते हैं। पेपर खत्म होने पर जब परीक्षार्थी केंद्र से बाहर आते हैं तो ये बेसहारा पशु भीड़ की तरफ भागते हैं। ऐसे में परीक्षार्थियों को चोट लगने का खतरा बना रहता है।