हिसार। शहर के बस स्टैंड के नजदीक मार्केट में खड़े दो युवकों से शनिवार रात करीब 11 बजे शहर थाना पुलिस ने एक किलो 225 ग्राम अफीम बरामद की है। पुलिस ने दोनों युवकों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बता दें कि पुलिस शनिवार रात को नाइट डोमिनेशन अभियान पर थी।
शिकायत में बताया कि शनिवार रात को एएसआई, एचसी पंकज, ईएचसी सतीश, ईएचसी सुभाष अपनी टीम के साथ सेक्टर-14 गेट पर स्थित थे। उसी समय मुखबरी से सूचना मिली कि बस स्टैंड के पीछे दो युवक किसी को अफीम देने आ रहे हैं। इसके बाद सूचना के आधार पर शनिवार रात करीब 10.30 बजे टीम बस स्टैंड के पीछे एससीओ मार्केट में मौके पर पहुंची। उस दौरान वहां पर दो युवक खड़े दिखाई दिए। जब उन दोनों से पूछताछ की गई तो उन्होंने चितौड़गढ़ जिले के लंगाच गांव निवासी लक्ष्मण व हनुमानगढ़ जिले के संवाई गांव निवासी नरेश के रूप में अपनी पहचान बताई। मगर हाल में आरोपी नरेश न्यू ऋषि नगर में रहता है। उनके हाथ में एक बैग था, जिसमें नशीला पदार्थ होने की आशंका हुई। जब बैग की तलाशी ली गई तो उनसे एक किलो 225 ग्राम अफीम बरामद हुई।