करनाल नए बस स्टैंड का दौरा करते परिवहन मंत्री अनील विज।
- फोटो : संवाद
परिवहन विभाग मिलते ही कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने महकमे की व्यवस्थाओं का जायजा लेना शुरू कर दिया है। सोमवार को वे अंबाला से रोडवेज की एसी बस में सवार होकर दिल्ली के लिए रवाना हुए। करनाल में शाम को बस नए बस अड्डे पर रुकी तो वे यहीं उतरे और करीब 15 मिनट तक दौरा करके व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान पार्किंग व अड्डा परिसर में बेतरतीब तरीके से दुकानें लगी देखकर वे भड़क गए और रोडवेज जीएम, पार्किंग ठेकेदार और दुकानदार को फटकार लगाई।
गलत तरीके से पार्किंग में खड़े वाहनों का उन्होंने एसएचओ को चालान के निर्देश दिए। साथ ही खाद्य सामग्री की दुकान के सैंपल भी मौके पर भरवाए। विदित हो कि पार्किंग परिसर में ही बहुत बड़ी दुकान सजी हुई थी, जबकि ठेके में दुकानदार को थोड़ी जगह दी हुई है। विज ने ने कहा कि दुकानदार और रोडवेज जीएम कुलदीप से कहा कि छोटी सी दुकान बाजार में बनाने के लिए मां-बाप की जिंदगी की कमाई लग जाती है और यहां अफसरों को खुश करके दुकानें सजी हैं।
कोई पूछने वाला ही नहीं है। अब अनिल विज महकमे में है, तो हरियाणा की व्यवस्था सुधार दूंगा। उन्होंने कहा कि बस अड्डों पर ठेकेदारों और अधिकारियों ने घर का राज बना रखा है। हिस्सा-पत्ती दो और जगह घेरो की.. व्यवस्था चलाई हुई है, इसे बंद करना होगा।
टेंडर की शर्तें नहीं बताई तो पूछा किसका आशीर्वाद है..
परिवहन मंत्री अनिल विज ने पार्किंग में अव्यवस्था देखते ही मौके पर जीएम को बुलाया और उसने पूछा कि कार और स्कूटर खड़ा करने की कितनी फीस है। तो जीएम ने बताया कि बाइक के 10 और कार के 30 रुपये हैं। टेंडर की शर्ते हैं, इसके बाद बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े देखकर वे भड़क गए। बोले कि घर का राज चल रहा है यहां, किसका आशीर्वाद है तेरे पर। कोई मर्जी कहीं जगह घेर लो, हिस्सा पत्ती दिए जाओ, है न..। सरकार है, जनता का पैसा है और जनता हिसाब मांगती है। पांच साल बाद ऐसी-तेसी फेर देती है जनता और तुम लुटाए जाओ..। कैसे लगवा दी हैं तुने दुकानें बाहर। मुझे बता। एसएचओ को चालान के निर्देश दिए।
बुकिंग खिड़कियां मिली बंद
परिवहन मंत्री ने अड्डे की व्यवस्थाओं का बारीकी से किया निरीक्षण, पीने के पानी, पार्किंग यात्रियों के बैठने के प्रबंधों से वे नाखुश दिखे। बस अड्डे की बुकिंग खिड़की बंद मिलने पर गुस्साए अनिल विज ने परिवहन विभाग के अधिकारियों लताड़ लगाई। उन्होंने कहा कि यात्रियों के बैठने की जगह नहीं है तो वेंडर्स ने अड्डों पर कब्जे कर रखे हैं। करनाल अड्डे पर पहुंचे विज कैंटीन में गए और खाने की गुणवत्ता और कीमत को लेकर ड्राइवर और यात्रियों से पूछताछ की। बस में यात्रियों से भी उन्होंने बातचीत करके व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। यात्रियों ने भी उनके साथ सेल्फी कराई।