पानीपत के समालखा स्थिति भापरा स्टेडियम मे सीएम मनोहर लाल ध्वजारोहण कर सलामी देते हुए.
- फोटो : संवाद
योग्यता के आधार पर 87 हजार युवाओं को दी सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने बताया कि भ्रष्टाचार को खत्म कर योग्यता के आधार पर प्रदेश के 87 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। गरीब परिवारों को 6000 रुपये वार्षिक आर्थिक सहायता दी जा रही है। समााजिक सुरक्षा पेंशन बढ़ाकर 2500 रुपये मासिक की गई है। आयुष्मान योजना के तहत 27 लाख गरीब परिवार को पांच लाख रुपये तक इलाज मुहैया कराया जा रहा है। एकल पंजीकरण एवं कॉमन पात्रता परीक्षा एवं निजी क्षेत्र के लिए 75 फीसदी आरक्षण, विवादों से समाधान, नई शिक्षा नीति, हेल्पलाइन-112 से सुशासन को मजबूती मिली है।
अब प्रदेश सिर्फ कृषि ही नहीं किसान प्रधान भी होगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक प्रदेश कृषि प्रधान तो था, लेकिन किसान प्रधान नहीं था। अब प्रदेश किसान प्रधान भी होगा और उसका सम्मान भी होगा। बागवानी, पशुपालन, मत्स्य पालन के क्षेत्र और उत्पादन में प्रदेश लगातार बढ़ रहा है। किसानों की आय बढ़ रही है। कृषि में आधुनिक तकनीक को बढ़ाया जा रहा है। खाद, बीज और ऋण में किसानों को आर्थिक सहायता दी जा रही है। प्राकृतिक आपदा से कृषि का नुकसान होने पर सहायता राशि को 10 हजार से बढ़ाकर 14 हजार रुपये प्रति एकड़ किया गया है। एमएसपी पर 14 फसलों की खरीद करने वाला एकमात्र राज्य हरियाणा है। पहला राज्य है, जिसने मुख्यमंत्री बागवानी योजना शुरू की।
शिक्षा को कौशल से जोड़ा गया
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा को कौशल के साथ जोड़ा है। सभी क्षेत्रों में स्कूल और कॉलेज खोले गए हैं। ऑनलाइन शिक्षा से जोड़ने के लिए पांच लाख विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए गए हैं। चार लाख से अधिक आंगनबाड़ियों को प्लेवे स्कूल में बदला गया। मॉडल संस्कृतिक स्कूलों बनाए गए। आईटीआई और कॉलेजों के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए पासपोर्ट एवं ड्राइविंग लाइसेंस बनाने की योजना शुरू की गई।
अंबाला के सिविल अस्पताल में कैंसर का इलाज शुरू हुआ
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही हैं। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के इलाज के लिए अंबाला के सिविल अस्पताल में कैंसर केयर सेंटर खोला गया है। आयुर्वेद को आयुष्मान योजना से जोड़ा गया, जिसके तहत आयुष हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर शुरू किए गए हैं। हर जिले में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 200 बेड का अस्पताल और एक मेडिकल कॉलेज खोला जा रहा है।
17 में सात राष्ट्रीय राजमार्गों का काम पूरा
मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा को अन्य राज्यों से जोड़कर यातायात सुगम बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। प्रदेश में 17 नए राजमार्ग घोषित किए गए हैं, जिनमें से सात निर्माण पूरा हो चुका है। पलवल से सोनीपत वाया सोहना, मानेसर, खरखौदा से कुंडली तक सफर सुगम हो गया है। इसके साथ ही 6000 करोड़ की लागत से हरियााणा ऑर्बिटल रेल कॉरिटोर का काम शुरू हो चुका है। 30 हजार करोड़ की लागत रेपिड रेल योजना पर काम चल रहा है। जल्द ही हिसार में प्रदेश का पहला एयरपोर्ट बनाया जाएगा।
उद्योगों के लिए निवेश जुटाएंगे और निर्यात बढ़ाएंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में उद्योगों का अहम योगदान है। जिसके लिए हरियाणा उद्यम एवं रोजगार नीति लागू की है। इसके तहत उद्योगों में पांच लाख से अधिक नौकरियों के साथ ही निवेश के लिए एक लाख करोड़ रुपये जुटाए जाएंगे। निर्यात दोगुना किया जाएगा। खरखौदा के निकट वाणिज्यिक टाउनशिप और सोहना में आईएमटी खोली जाएगी। इसके साथ ही समालखा के औद्योगिक क्षेत्र को सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। हरियाणा में स्टार्टअप योजना के योजना के तहत 5000 युवाओं ने कारोबार शुरू किया है।
पुलिस में महिलाओं की भागीदारी 10 से बढ़ाकर 15 फीसदी होगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाया जाएगा। इसे 10 से बढ़ाकर 15 फीसदी किया जाएगा। पंचायतों में महिलाओं को 33 आरक्षण दिया गया और 51 हजार सेल्फ हेल्प ग्रुप विकसित किए गए। 500 नए मॉडल क्रेच खोले गए। प्रदेश के लगभग 80 फीसदी गांवों को 24 घंटे बिजली दी जा रही है। अब 5600 से अधिक गांवों में 24 घंटे बिजली मिल रही है।