हरियाणा में टीकाकरण के दूसरे चरण को 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए दो माह का समय तय किया गया है। साथ ही 31 दिसंबर तक प्रदेश में सभी को वैक्सीन की पहली डोज हर हाल में लगाने का टारगेट तय किया गया है। टीकाकरण को बढ़ावा देने के लिए मेलों और जहां पर 500 से अधिक लोग एकत्रित होते हैं, वहां पर टीकाकरण कैंप लगाए जाएंगे। वीरवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल यहां उपायुक्तों से सीधा संवाद कर प्रदेश में चल रहे टीकाकरण अभियान समेत अन्य मुद्दों की समीक्षा की। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज वीसी के माध्यम से शामिल हुए।
ये भी पढ़ें-
हरियाणा: किसान-आढ़ती धान की खरीद कराने पर अड़े, सरकार ने कहा बंद नहीं, आज भी 25 हजार एमटी खरीदा
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर घर दस्तक अभियान के तहत सभी नागरिकों के टीकाकरण का कार्य युद्ध स्तर पर किया जाए, ताकि कोरोना की संभावित तीसरी लहर को रोका जा सके। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी टीकाकरण अभियान की स्वयं समीक्षा कर रहे हैं। अधिकारी इस ओर विशेष ध्यान देते हुए ऐसी कोई लापरवाही न करें। अब तक हरियाणा में 2 करोड़ 65 लाख लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। इनमें से 1.79 करोड़ ने पहली और 86 लाख दोनों डोज ले चुके हैं। इनमें से 18 से 44 आयु के 1.61 करोड़, 45 से 60 के 60 लाख और 60 साल से अधिक आयु के 44 लाख लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है।
ये भी पढ़ें-
सोनीपत: किसान ने मंत्री के हाथों पुरस्कार लेने से किया मना, कहा- आंदोलनरत किसानों को क्या जवाब दूंगा
फिर से तेज करें जागरूकता अभियान
सीएम ने कहा कि टीकाकरण को लेकर एक बार फिर तेजी से जागरूकता और प्रचार अभियान चलाएं, ताकि टीकाकरण में पिछड़े जिलों को आगे लाया जा सके। ‘जान है तो जहान है’, इसलिए हर नागरिक अपनी जान की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टीकाकरण में अपनी भागीदारी को सुनिश्चित करे। साथ ही अतिरिक्त टीमों का गठन करने और अन्य आवश्यक संसाधनों की पूर्ति सुनिश्चित की जाए। अभियान में समर्पण पोर्टल पर पंजीकृत स्वैच्छिक कार्यकर्ताओं के साथ साथ एनजीओ, धर्म गुरुओं की भी सहायता ली जाए।