गुड़गांव। भाई दूज के मौके पर मेट्रो ट्रेन में दिन भर पीक आवर जैसा माहौल दिखा। सुबह छह बजे से ही गुड़गांव के सभी मेट्रो स्टेशनों पर काफी गहमागहमी देखने को मिली। जॉब पर जाने वालों के अलावा हजारों की संख्या में रोज के मुकाबले अतिरिक्त भीड़ रही। ट्रेन में खड़े होने की भी जगह लोगों को नहीं मिल पा रही थी। सभी ट्रेनों में तकरीबन यही आलम रहा। लोग एक मेट्रो ट्रेन को इसलिए छोड़ देते थे कि दूसरी शायद खाली मिले। लेकिन ऐसा नहीं हो सका।
वहीं रोडवेज की बसों में उम्मीद के मुताबिक भीड़ नहीं हुई। रोडवेज की ओर से कोई अतिरिक्त बसें नहीं चलाई गईं। डीटीसी की ओर से भाई दूज पर बहनों के लिए मुफ्त यात्रा का प्रबंध किया गया था। गुड़गांव बस अड्डे से जाने वाली डीटीसी बसों में बहनों को मुफ्त यात्रा का लाभ मिला। यही कारण रहा है कि डीटीसी की बसों में कुछ भीड़ देखने को मिली। हरियाणा रोडवेज की बसों में सिर्फ सुबह ही थोड़ी भीड़ रही, इसके बाद माहौल सामान्य दिखाई दिया।
डीएमआरसी के मीडिया अधिकारी हिमांशु ने बताया कि डीएमआरसी की ओर से भाई दूज पर मेट्रो की यात्रा को और सुगम करने का प्रबंध किया गया। बहनों और अन्य यात्रियों को कोई परेशानी नहीं हो इसके लिए मेट्रो रेल का पीक आवर (सुबह 8 से 9 बजे) में 200 अतिरिक्त फेरे लगवाए गए।
हेड :: बहनों ने भाई के लंबी उम्र की कामना की
गुड़गांव। भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का पर्व भाई दूज साइबर सिटी में बृहस्पतिवार को उत्साह से मनाया गया। दूर-दूर से बहनें इस पर्व पर अपने भाई के घर पहुंचीं। सभी ने पहले अपने भाई का टीका किया और उनकी लंबी उम्र की कामना की।
भाई दूज पर लोग सुबह से ही बस अड्डे, रेलवे स्टेशन और मेट्रो स्टेशन पर अपनी बहनों को लेने पहुंचे। वहीं बहनों को गिफ्ट देने के लिए भी भाइयाें ने मार्केट में जमकर खरीदारी की। यह प्रक्रिया देर शाम तक चलती रही। इस बार भाई दूज पर गिफ्टों का चलन काफी देखा गया। किसी ने जूलरी तो किसी ने अन्य उपहार दिया।