मार्केट कमेटी कार्यालय में धरना देते अनाज मंडी मजदूर :संवाद
रतिया। अनाज मंडी में धान का झार खरीदने वाले लोगों से विवाद के बाद मजदूर यूनियन ने बुधवार को हड़ताल कर दी और मार्केट कमेटी कार्यालय में धरने पर बैठ गए। हड़ताल से मंडी में धान की लोडिंग का काम प्रभावित हुआ।
मार्केट कमेटी सचिव ने विवाद सुलझाने के लिए वीरवार को दोनों पक्षों की बैठक बुलाने की बात कही है। यूनियन नेता राजाराम के नेतृत्व में मजदूरों ने अपनी मांगें उठाईं। राजाराम ने कहा कि झार खरीदने वाले लोगों को मजदूरों के साथ तालमेल बनाकर काम करना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग रात के समय झार उठाने मंडी में आते हैं। ऐसी स्थिति में चोरी होने पर मजदूरों पर आरोप लगा दिए जाते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि झार खरीदने वाले लोगों ने मजदूरों के साथ तालमेल नहीं बनाया तो उन्हें मंडी में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
मजदूरों ने प्रशासन से मामले में उचित व्यवस्था बनाने की मांग की। मजदूर यूनियन ने खाली ट्रॉलियां मंडी के बाहर खड़ी करवाने की मांग भी रखी। उनका कहना है कि मंडी परिसर में खाली ट्रॉलियां खड़ी रहने से आवागमन और कामकाज में परेशानी होती है।
इसके अलावा मजदूरों ने शाम छह बजे के बाद लोडिंग करवाने की व्यवस्था करने की मांग की। इससे दिन के समय मंडी में जगह उपलब्ध रहेगी और धान की आवक व अन्य काम प्रभावित नहीं होंगे। मजदूरों ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक धरना जारी रहेगा।
वहीं हड़ताल से धान की लोडिंग प्रभावित होने के कारण खरीद और उठान व्यवस्था पर भी असर पड़ सकता है। मार्केट कमेटी सचिव ओमप्रकाश ने कहा कि यह मामला व्यापार मंडल से संबंधित है। विवाद के समाधान के लिए वीरवार को दोनों पक्षों की बैठक बुलाई जाएगी। बातचीत के माध्यम से मामले को सुलझाने का प्रयास किया जाएगा।