भूना। क्षेत्र के एक गांव में महिला ने अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने का विरोध किया तो पति ने अपने परिजनों के साथ मिलकर लाठी डंडों से बंधक बनाकर उसकी पिटाई कर दी। विवाहिता के मायके वाले मौके पर पहुंचे तो उनकी भी कमरे में बंद करके धुनाई कर दी गई। हमले में घायल विवाहिता व उसकी मां तथा भाई और बड़ी बहन को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में विवाहिता (27) ने बताया कि वह सिरसा के ओढ़ा कस्बा के एक गांव की निवासी है। उसकी शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले फतेहाबाद के गांव निवासी के साथ हुई थी। उसने पहले से नर्सिंग कोर्स किया हुआ था। इसलिए शादी के बाद फतेहाबाद के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में नौकरी पर लग गई। आरोप है कि पिछले कई महीने से उसका ससुर उस पर बदनीयती रखता था और दो दिन पहले अश्लील हरकतें करते हुए अंदरुनी अंग पर हाथ मारने का प्रयास किया। उसने अपनी सास व ननद से आपबीती बताई।
विवाहिता का आरोप है जब उसने अपने पति को बात बताई तो वह गुस्से में आ गया। उसने मारपीट करते हुए उल्टा उसी के साथ अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने की कोशिश की। महिला का आरोप है कि विरोध करने पर उसके पति के साथ ससुर, सास व ननद ने मिलकर उसे जमीन पर घसीटा। आरोप है कि उसकी कमरे में बंद कर पिटाई की गई।
इस दौरान मायके वालों को उसके ससुर ने फोन पर सूचना दी और मौके पर बुला लिया। परंतु, जब वे मौके पर पहुंचे तो ससुरालजनों ने विवाहिता की मां व भाई तथा बहन की भी पिटाई कर दी। विवाहिता का आरोप है कि शादी में दहेज के रूप में मोटरसाइकिल व सोने की अंगूठी नहीं दिए जाने के कारण पिछले कई महीनो से उसे प्रताड़ित किया जा रहा है। इस संबंध में इंस्पेक्टर संदीप कुमार ने बताया कि विवाहिता व उसके मां तथा भाई- बहन की पिटाई करने की शिकायत सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।