टोहाना। रतिया रोड स्थित श्री दुर्गा महिला महाविद्यालय की प्रबंधन कमेटी और छात्राओं के बीच का विवाद शनिवार को भी जारी रहा। महाविद्यालय की बसें छात्राओं को लेने नहीं पहुंची। मगर फिर भी छात्राएं ट्रैक्टर ट्रॉलियों और रेहड़ियों पर सवार होकर महाविद्यालय के गेट पर पहुंच गईं। यहां छात्राओं को गेट बंद मिला। इससे आक्रोशित छात्राओं ने रतिया रोड पर जाम लगा दिया।
जाम की सूचना पाकर शहर थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी ने कॉलेज प्रबंधन समिति के प्रधान चूड़िया राम गोयल से बातचीत करके बसें भेजने का आश्वासन दिया। इसके बाद छात्राओं ने जाम को खोल दिया। छात्राओं के प्रदर्शन को किसान मोर्चा सहित कई संगठनों के सदस्यों ने अपना समर्थन दिया। वहीं जाम के चलते आधे घंटे तक सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और भीषण गर्मी में लोग परेशान होते नजर आए।
छात्राएं बोलीं- आंदोलन को दबाने के लिए ओछे हथकंडे अपनाए जा रहे
प्रदर्शनकारी छात्राओं ने बताया कि कॉलेज प्रबंधन ने शनिवार को बसें गांवों में नहीं भेजी ताकि उनके प्रदर्शन को विफल किया जा सके। अब हमारे आंदोलन को दबाने के लिए ओछे हथकंडों को अपनाया जाने लगा है। वे गांव से ट्रैक्टर-ट्राली व रेहड़ियों के माध्यम से कॉलेज पहुंचीं। पिछले चार दिन से महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर धरना लगाए बैठी हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मुख्य मांग की सुनवाई करते हुए कॉलेज को सरकार के अधीन नहीं किया जाएगा, वे अपना प्रदर्शन जारी रखेंगी।
बेटियां धूप में आंदोलन कर रही, सरकार के नुमाइंदे चुप बैठे
किसान नेता रमेश डांगरा ने बताया कि सरकार द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा दिया जाता है। मगर पिछले चार दिन से क्षेत्र की बेटियां भीषण गर्मी में अपनी जायज मांग को लेकर धरने पर बैठी हैं, लेकिन सरकार के नुमाइंदे व प्रशासन मौन धारण किए हुए हैं। छात्राओं को न्याय मिलना चाहिए।
कोट
सुरक्षा की मांग करते हुए चालक नहीं लेकर गए बसें : प्रधान
कॉलेज में बसें चलाने वाले ड्राइवरों ने कहा था कि बसों को सुरक्षा दी जाए अन्यथा वे बसें नहीं चलाएंगे। इसके चलते बस चालक बसों को लेकर नहीं गए। कॉलेज प्रबंधन को बदनाम करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से यह प्रदर्शन किया जा रहा है, कॉलेज में सुविधा की कोई कमी नहीं है। प्रदर्शन के चलते कोई अराजक तत्व कॉलेज प्रांगण में प्रवेश न कर जाए, इसलिए गेट बंद किया गया था।
-चुड़िया राम गोयल, प्रधान, कॉलेज प्रबंधन समिति
कोट
दुर्गा कॉलेज की छात्राओं व स्टाफ ने बसें नहीं चलने एवं गेट पर ताला लगने से परेशान होकर जाम लगाया था। उनकी समस्या का हल करने का आश्वासन देकर जाम खुलवा दिया है ताकि किसी को परेशानी न हो।
-विनोद कुमार, प्रभारी, शहर थाना टोहाना
टोहाना में रतिया रोड पर जाम लगाकर प्रदर्शन करती छात्राएं।- फोटो : Fatehabad