फतेहाबाद। मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत मिलने वाले एक मरले का प्लॉट पात्रों को रास नहीं आया है। शहर फतेहाबाद से सिर्फ 887 पात्रों ने प्लॉट के लिए आवेदन किया है। आवेदन करने वाले पात्रों को 10 हजार रुपये देकर बुकिंग करवानी है। लेकिन बुकिंग को लेकर भी रूचि कम है। इसी के चलते सरकार ने पोर्टल पर बुकिंग की अवधि को 22 फरवरी तक बढ़ा दिया है। बुकिंग करवाने वाले पात्रों को बाद में 90 हजार रुपये और देने होंगे। इसके बाद प्लॉट पर कब्जा दिया जाएगा।
फतेहाबाद शहर में ऐसे पात्रों के लिए सेक्टर 9 के पार्ट एक और दो में प्लॉट दिए जाएंगे। यहां पर 1236 प्लॉट पात्रों के लिए रिजर्व रखे गए है। माना जा रहा है कि प्लॉट का साइज कम होने के कारण आवेदन कम हुए है। मुख्यमंत्री मुफ्त शहरी आवास योजना के तहत 13 सितंबर से 19 अक्टूबर तक आवेदन मांगे गए थे। अब केवल उन्हीं की बुकिंग की जा रही है जिन्होंने आवेदन किया था। संवाद
11 फुट गुना 25 फुट का होगा प्लॉट
सेक्टर 9 में जो प्लॉट का साइज रखा गया है वह 11 फुट गुना 25 फुट का है। साइज कम होने के कारण पात्रों ने दिलचस्पी कम दिखाई है। इस योजना के लिए 1.80 लाख से कम आय वाले परिवारों से आवेदन मांगे गए थे। पीपीपी में 1.80 लाख से कम आय होनी चाहिए। प्लॉट के लिए एक लाख रुपये पात्र को देने होंगे। बताया जा रहा है कि अगर पात्र प्लॉट पर मकान बनाता है तो उसे सरकार सब्सिडी पर राशि भी जारी कर सकती है।
कोट
मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत जिन पात्रों ने आवेदन किए थे वह 22 फरवरी तक सीएससी सेंटर से ऑनलाइन प्लॉट बुक करवा दें। प्लॉट बुकिंग को 22 फरवरी तक बढ़ा दिया गया है।
- राजेंद्र सोनी, ईओ नगर परिषद