फतेहाबाद। सीआईए फतेहाबाद स्टाफ की टीम ने गांव बड़ोपल के पास एक कार में सवार दो युवकों से 150 ग्राम हेरोइन बरामद कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। बाजार में इतनी हेरोइन की कीमत 30 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपियों की पहचान बलवीर उर्फ सोनू और दूसरे की रोहताश उर्फ घोलू निवासी तरकावाली जिला सिरसा के रुप में हुई है।
सूचना मिलने पर डीएसपी सुभाष चंद्र ने आरोपियों से पूछताछ की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों को सोमवार सुबह कोर्ट में पेश कर रिमांड मांगा जाएगा। सीआईए स्टाफ के इंचार्ज इंस्पेक्टर जोगिंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें गुप्त सूत्रों से सूचना मिली थी कि दो तस्कर दिल्ली से हेरोइन खरीदकर फतेहाबाद के रास्ते सिरसा जाने वाले हैं। इस सूचना के बाद उन्होंने एसआई किशोरीलाल के नेतृत्व में टीम को बड़ोपल चौकी के पास नाकाबंदी के लिए भेजा। रविवार को जब ये टीम नाकेबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी तो हिसार की ओर से एक हरे रंग की कार आती दिखाई दी। सामने पुलिस टीम को देखकर कार चालक ने कार को मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन कार रुक गई और पुलिस टीम ने कार को घेरकर आरोपियों को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान बलवीर उर्फ सोनू से 150 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
नाइजीरियन से लेकर आए थे हेरोइन
सीआईए स्टाफ फतेहाबाद टीम के इंचार्ज जोगेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी बलवीर ने प्राथमिक पूछताछ में बताया है कि उसके गांव का संजीव हेरोइन बेचने का काम करता है। बीते दिन संजीव ने ही उसे 100 ग्राम हेरोइन लाने का आर्डर दिया था। इसके अलावा 30 ग्राम बलवीर व 20 ग्राम हेरोइन रोहताश उर्फ घोलू की थी। इसलिए बलवीर व रोहताश दिल्ली में नाइजीरियन से 150 ग्राम हेरोइन खरीदकर कार में वापस आ रहे थे। सीआईए इंचार्ज ने बताया कि आरोपी बलवीर पर पहले भी मादक पदार्थ अधिनियम के मामले दर्ज है।