भूना। अनाज मंडी में शनिवार की देर शाम को चार युवकों ने चाकू की नोक पर व्यापारी से तिजोरी में रखे पैसे देने की मांग की। परंतु जब व्यापारी ने इनकार किया तो उसकी पिटाई कर दी गई। व्यापारी का शोर सुनकर उसका भाई मौके पर पहुंचा तो उसके सिर में भी रॉड मारकर हमलावर कार में सवार होकर भाग गए। दोनों घायल व्यापारियों को भूना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भूना में दाखिल करवाया। लेकिन हालत गंभीर होने के कारण नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस शिकायत में अनाज मंडी की फर्म महावीर प्रसाद ललित कुमार दुकान नंबर 41 पर शनिवार की शाम को एक लाल रंग की रिट्ज कार में चार युवक पहुंचे। एक युवक दुकान के अंदर जाकर व्यापारी संदीप कुमार पुत्र महावीर प्रसाद से तिजोरी की चाबी मांग कर उसमें रखे पैसे देने के लिए दबाव बनाया। परंतु जब संदीप ने इनकार किया तो उसकी गर्दन पर चाकू रख दिया। हमलावर ने अपने दूसरे साथियों को कार में रखे पिस्तौल को लेकर आने के लिए भी आवाज लगाई। व्यापारी संदीप ने जब तिजोरी की चाबी नहीं दी तो उस पर रॉड से हमला कर दिया गया। जब संदीप के शोर को सुना तो उसका बड़ा भाई विपिन दुकान पर पहुंचा तो उस पर भी हमला करके हमलावर मौके से भाग गए। हमलावर का कार का टायर खोलने वाला व्हील पाना जल्दबाजी में दुकान में ही छोड़ गए। अनाज मंडी के व्यापारियों ने हमलावरों को काबू करने की कोशिश की तो वे कार को तेज गति में चलाकर मौके से भाग गए। घायल संदीप व विपिन को स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए दाखिल करवाया। जिनको नागरिक अस्पताल फतेहाबाद रेफर कर दिया गया। पुलिस जांच अधिकारी विरेंद्र सिंह ने बताया कि घायल व्यापारियों के बयान लेकर पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है। आढ़ती की दुकान के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देख हमलावर की पहचान की जा रही है।