प्राचीन शिव मंदिर के पास वार्ड नंबर तीन में बुधवार को दंपती पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने महिला की शिकायत पर तीन नामित व 6/7 अन्य लोगों के खिलाफ हत्या प्रयास, मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने व एससी-एसटी एक्ट तथा शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने मामले में शामिल सुभाष सेन व सोनू सेन को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्हें शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस बयान में प्राचीन शिव मंदिर मोहल्ला निवासी मक्खन सिंह की पत्नी संदीप कौर ने बताया कि बुधवार सुबह वह घर में थी। गली में शोर सुनकर बाहर निकली तो उसके पति मक्खन सिंह के साथ सरकारी प्लॉट की जमीन को लेकर कुछ लोग झगड़ा कर रहे थे। खाली प्लॉट की जमीन पर उपरोक्त लोग कब्जा करने के उद्देश्य से आए हुए थे। मगर जब उसके पति ने विरोध किया तो उपरोक्त लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। जब वह अपने पति को बचाने आई तो सुभाष ने जातिसूचक गालियां निकाली और रिवाल्वर से कई फायर कर दिए। उसके पति मक्खन को छाती में तथा उसे पैर में गोली लगी। गोली लगने से घायल होने के बाद लोगों ने उन्हें सीएससी केंद्र भूना में दाखिल करवाया। जहां से अग्रोहा रेफर कर दिया गया। पुलिस ने गोली लगने से जख्मी महिला संदीप कौर की शिकायत पर सुभाष व उसके बेटे बबलू तथा सोनू एवं 6/7 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी कपिल सिहाग ने बताया कि फायरिंग मामले में शामिल सुभाष व सोनू को पुलिस ने वीरवार देर शाम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सुभाष से लाइसेंसी रिवाल्वर भी बरामद किया है। दोनों को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।