फतेहाबाद। जिले में कोरोना की आशंकित तीसरी लहर से निपटने के लिए दो स्तर पर प्रयास चल रहे हैं। एक तो तेजी से वैक्सीनेशन की जा रही है, वहीं कोरोना के सैंपल भी लिए जा रहे हैं ताकि संक्रमितों की पहचान कर उनका उपचार किया जा सके।
राहत की बात ये है कि इस समय जिला पूरी तरह से कोरोना मुक्त है। जिले में एक भी केस सक्रिय नहीं है। शनिवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक जिले में चौबीस घंटे में 116 सैंपल लिए गए थे। कोरोना के लिहाज से सभी लोग स्वस्थ पाए गए हैं। अब तक जिले में 3 लाख 13 हजार लोगों के सैंपल लिए गए हैं। इनमें से 17832 लोग संक्रमित पाए गए। वहीं जिले में 484 लोगों ने कोरोना काल में जान गंवाई है। जिले में वैक्सीनेशन का कार्य भी तेजी से चल रहा है। अब तक 5 लाख 40 हजार लोगों को पहली डोज लग चुकी है। 1 लाख 73 हजार लोगों को दूसरी डोज लग चुकी है।
आंकड़े जुटाकर काम कर रहे हैं : सिविल सर्जन
जिले में वैक्सीनेशन कार्यक्रम चल रहा है। जगह-जगह कैंप लगाए जा रहे हैं। हम ऐसे गांवों की पहचान कर रहे हैं, जिनमें सबसे कम वैक्सीनेशन हुआ है। आंकड़े जुटाकर उस पर मंथन किया जा रहा है कि उन गांवों में वैक्सीनेशन बढ़ाया कैसे जाए।
-डॉ. वीरेश भूषण, सिविल सर्जन।