फतेहाबाद। गांव अहलीसदर में चोर घर में घुसकर 1.95 लाख की नकदी और सोने व चांदी के जेवर चोरी करके ले गए। घटना के दौरान मकान मालिक गुरुग्राम गया हुआ था। मकान मालिक के मुताबिक चोर करीब 23 तोले सोने के जेवर चोरी करके ले गए, तालों को भी साथ ले गए हैं। मामले में गांव अहलीसदर निवासी मिलखराज ने सदर थाना में शिकायत दी है। पुलिस ने चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले के मुताबिक मिलखराज ने बताया कि उसका बेटा हंसराज गुरुग्राम में निजी कंपनी में नौकरी करता है और परिवार समेत वहीं रहता है। 9 मई को सुबह वह अपने बेटे के पास गुरुग्राम चला गया। जब लौटा तो मेन गेट का ताला लगा हुआ था और अंदर के दरवाजे का ताला टूटा था। कमरे की अलमारी में रखे करीब 1.95 लाख रुपये की नकदी, आठ तोले वजन का हार, एक तोले की चेन, साढे़ तीन तोले का ब्रेसलेट, दो तोले वजन की चार अंगूठी, साढ़े तीन तोले के कांटे, दो तोले के टप्स, डेढ़ तोले का माथे का टीका, दो तोले के अन्य सोने के जेवर और 20 तोले चंादी के जेवर गायब मिले। घटना को चोर ने अंजाम दिया है। घर के अंदर घुसकर चोर नकदी, सोने व चांदी के जेवर चोरी करके ले गए। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।