जाखल। जाखल क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं। चोरों में पुलिस प्रशासन का कोई खौफ नहीं है। यही कारण है कि चोरों ने पुलिस थाने से आधा किलोमीटर दूर स्थित पूर्व सरपंच प्रतिनिधि की कपड़े की दुकान पर दूसरी बार चोरी कर ली। जाते-जाते चोर कपड़ों का एक थैला खेतों के खाल में छुपाकर चले गए।
बता दें कि कुलां-जाखल मार्ग पर स्थित इस दुकान पर ढाई महीने पहले भी चोरी हुई थी। शुक्रवार रात भी चोर फिर से दुकान के शटर पर लगे ताले तोड़कर दुकान की बेसमेंट से करीब तीन लाख रुपये का कपड़ा चोरी कर ले गए। गुस्साए लोगों ने जाखल पुलिस थाने के बाहर धरना लगाकर पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगाए। लोगों ने नारेबाजी करके पुलिस प्रशासन के प्रति रोष जताया।
9 दिसंबर को भी हुई थी चोरी
गांव जाखल के पूर्व सरपंच प्रतिनिधि जगबीर जग्गा ने अपनी शिकायत में बताया कि शुक्रवार देर रात्रि को चोरों ने उनकी लवलीन क्लॉथ हाउस के नाम से बनी दुकान के ताले तोड़कर दूसरी बार चोरी की घटना को अंजाम दिया है। करीब तीन लाख रुपये का कपड़ा चोरी कर लिया गया। चोरी हुए कपड़े का एक थैला उपतहसील कार्यालय के समीप खेतों से मिला है, जिसे पुलिस ने उनके सुपुर्द कर दिया है। उन्होंने बताया कि इससे पहले बीते वर्ष 9 दिसंबर को चोरी हुई थी। उस समय भी लाखों का कपड़ा चुरा लिया था।
घटनास्थल पर पहुंचे डीएसपी प्रदर्शनकारियों को शांत करने में रहे नाकाम
क्षेत्र में बढ़ रही नशा तस्करी व चोरी की घटनाओं से तंग होकर लोगों द्वारा बीते 15 दिनों में तीसरी बार पुलिस थाने के समक्ष धरना देकर विरोध जताया गया है। शनिवार को थाने के बाहर एकत्रित हुए लोगों ने धरना लगा दिया। लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। धरने की सूचना मिलने पर फतेहाबाद जिला मुख्यालय से डीएसपी सुभाष चंद्र प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचे। डीएसपी ने शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार करने व क्षेत्र में गश्त बढ़ाने का विश्वास दिलाकर प्रदर्शनकारियों को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अड़े रहे। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक खुद एसपी आकर इस मामले में ठोस कार्रवाई का विश्वास नहीं दिलाते, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। इसके बाद प्रदर्शनकारियों द्वारा शाम 4 बजे एक बार धरना समाप्त कर दिया।
अब रोजाना सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक देंगे धरना
प्रदर्शनकारियों ने निर्णय लिया कि उनकी मांगे नहीं मानने तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक जाखल पुलिस थाने के बाहर धरना प्रदर्शन जारी रखा जाएगा। आक्रोशित किसान संघर्ष समिति पगड़ी संभाल जट्टा ब्लॉक जाखल कमेटी से जग्गी महल व रविंद्र सिंह, भारतीय किसान यूनियन उग्राहा कमेटी से अमित कुमार व अजय, जन चेतना मंच के प्रधान बृजपाल, शहर के पार्षद विक्की, विक्रम सैनी, पूर्व सरपंच नवजोत सिंह, बलविंदर सिंह व अन्य लोगों ने पुलिस से चोरों को पकड़ने की मांग की गई।
दुकानदार ने लगाया आरोपियों को पुलिस संरक्षण का आरोप
पीड़ित दुकानदार पूर्व सरपंच प्रतिनिधि जगबीर जग्गा ने आरोपियों को पुलिस का संरक्षण प्राप्त होने का आरोप लगाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस क्षेत्र में अवैध धंधा करने वालों से मंथली वसूल रही है। इसी कारण न चोर पकड़े जा रहे हैं और न ही नशा तस्कर।
कोट
पुलिस पर आरोपियों के संरक्षण संबंधी सभी आरोप बेबुनियाद है। चोरों को पकड़ने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। पहले भी नशा तस्कर पकड़े गए हैं।
विक्रम जोसन, प्रभारी, जाखल पुलिस थाना