गांव नाढ़ोड़ी में महिलाओं के पास से मिले पांच कछुए।
- फोटो : Fatehabad
भूना (फतेहाबाद)। गांव नाढोड़ी में ग्रामीणों ने चोरी की आशंका को लेकर छह महिलाओं को काबू कर लिया। महिलाओं की तलाशी लेने पर पांच कछुआ तथा कुछ लोहे का सामान बरामद हुआ है। ग्रामीणों ने महिलाओं की शिकायत वन्य जीव व वन विभाग और पुलिस को फोन के माध्यम से दी। सूचना मिलते ही वन विभाग के निरीक्षक दलजीत सिंह, वन्य जीव रक्षक सुरेश कुमार तथा पुलिस बीट इंचार्ज सुशील कुमार व सुखविंदर सिंह मौके पर पहुंचे।
नाढ़ोड़ी निवासी राधेश्याम धारणिया, राजेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह, बबलू धारणिया, नरेंद्र मेहरा ने बताया कि शुक्रवार देर शाम को छह महिलाएं गांव से भूना की तरफ पैदल जा रही थीं। ग्रामीणों को देख कर हिचक गईं तो उन्हें चोरी का सामान होने का शक हुआ। ग्रामीणों ने उनके थैले खुलवाकर देखे तो वे हैरान रह गए। थैले में पांच कछुए और लोहे का सामान तथा चाबी-पान्ने आदि बरामद हुए। महिलाओं ने बताया कि कछुए गांव नाढोड़ी के जोहड़ से निकाल कर लाई थीं, जबकि सामान एक घर से चोरी किया था। ग्रामीणों के फोन पर डायल 112 गाड़ी से पहुंचे पुलिसकर्मियों ने मामले को लेकर उच्च अधिकारियों को अवगत करवाया। देर शाम तक महिला पुलिस नहीं पहुंचने के कारण नाढोड़ी बस स्टैंड पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। यहां बिश्नोई समुदाय के लोगों ने पुलिस के खिलाफ हंगामा किया। वहीं, पकड़ी गई महिलाओं ने भी मौके पर खूब उत्पात मचाया। उन्होंने अपने कपड़े भी फाड़कर हंगामा किया। जीव रक्षक सेवा समिति के प्रधान राधेश्याम धारणिया ने आरोप लगाया कि पुलिस की मिलीभगत से ही ये महिलाएं चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रही हैं। गांव में चार घंटों तक चोरी करने वाली महिलाओं को बिठाकर रखने के बावजूद महिला पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इससे पुलिस की संलिप्तता जगजाहिर हो रही है।
कछुओं का क्या करेंगी, इसका नहीं दिया महिलाओं ने जवाब
पुलिस एवं ग्रामीणों ने जब जोहड़ से चोरी किए गए कछुओं का क्या करेंगी, यह पूछा तो महिलाओं ने कोई जवाब नहीं दिया। जिस घर से लोहे का सामान चोरी किया, उस घर के मालिक के बारे में भी नहीं बताया। ग्रामीणों ने बताया कि भीषण गर्मी में दोपहर के दौरान ये महिलाएं चोरी की घटनाओं को अंजाम देती हैं।
कोट ----
चोरी करते हुए पकड़ी गई महिलाओं की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। छह महिलाओं को पुलिस स्टेशन में लाकर पूछताछ की जा रही है।
- कश्मीर सिंह, सब इंस्पेक्टर, भूना थाना