जिले में आज से घर-घर जाकर लगाई जाएगी वैक्सीन
7 लाख 37 हजार 635 में से 5 लाख 54 हजार 466 लोगों ने लगवाई है पहली डोज
संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहाबाद। जिले में शत प्रतिशत पात्र लोगों के कोविड-19 टीकाकरण के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए हर घर दस्तक टीकाकरण अभियान हाउस टू हाउस कैंपेन रविवार से शुरू किया जाएगा। अभियान के तहत 18 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन लगाएंगी।
जिला प्रशासन ने वैक्सीन से वंचित रहे पात्र नागरिकों से आह्वान किया है कि वे इस अभियान के तहत कोविड-19 की डोज अवश्य लगवाएं, ताकि जिले में शत प्रतिशत वैक्सीन के लक्ष्य को पूरा किया जा सके। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सुनीता सोखी व मेजर डॉ. शरद तुली ने संयुक्त रूप से बताया कि जिले में 18 वर्ष से अधिक आयु के 7 लाख 37 हजार 635 लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा गया था। इनमें से 5 लाख 54 हजार 466 को पहली डोज लगाई जा चुकी है। यह लक्ष्य 75 प्रतिशत पूरा कर लिया गया है।
दूसरी डोज लगवाने में कम दिलचस्पी दिखा रहे लोग
जिले में दूसरी डोज लगवाने में लोग कम दिलचस्पी दिखा रहे हैं। यही कारण है कि अभी तक सिर्फ दो लाख दो हजार 772 लोगों को ही दूसरी डोज लग पाई है, यह आंकड़ा सिर्फ 37 प्रतिशत है। सरकार की तरफ से शत प्रतिशत टीकाकरण करवाने के लिए स्वास्थ्य विभाग से लेकर जिला प्रशासन तक पर दबाव है। ऐसे में अब घर-घर जाकर वैक्सीन लगाने का अभियान शुरू करने का फैसला लिया गया है।
शनिवार को 308 लोगों के लिए सैंपल
जिले में शनिवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा 308 नागरिकों के कोरोना सैंपल लिए गए, जिसमें आरटी-पीसीआर के 163 व एंटीजन के 145 सैंपल शामिल हैं। जिले में अब तक तीन लाख 26 हजार 765 व्यक्तियों के कोरोना सैंपल लिए गए हैं, जिनमें से 17 हजार 833 नागरिक कोविड पॉजिटिव मिलें। उनमें से 17 हजार 349 व्यक्ति कोरोना को मात दे चुके हैं। जिले का रिकवरी रेट 97.29 प्रतिशत रहा है। राहत की बात यह है कि वर्तमान समय में जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या शून्य है।
कोट
रविवार से स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन लगाएंगी। जिन्होंने पहली डोज लगवा ली है, वे सेकेंड डोज जरूर लगवाएं। जिन लोगों ने अभी तक कोविड-19 वैक्सीन की डोज नहीं लगवाई है, वे अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर भी वैक्सीन लगवा सकते हैं।
महावीर कौशिक, उपायुक्त, फतेहाबाद