भूना। फतेहाबाद रोड पर स्थित कैंटीन के नजदीक बंदरों के हमले से बचने के लिए ट्रक चालक भागने लगा तो तेज गति में जा रहे दूसरे ट्रक की चपेट में आ गया। इस कारण चालक बुरी तरह से कुचला गया। गंभीर रूप से घायल चालक को संभालते हुए कैंटीन व आसपास के होटल पर मौजूद लोगों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर उसे नागरिक अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद ट्रक चालक को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार राजस्थान के गांव सीकर निवासी 28 वर्षीय कालूराम भूना आ रहा था। ट्रक चालक कैंटीन के नजदीक पहुंचा तो लघुशंका के लिए ट्रक को साइड में लगाकर नीचे उतर गया। जैसे ही वह सड़क के साइड में झाड़ियों में लघुशंका करने लगा तो अचानक बंदरों ने उस पर हमला कर दिया। बंदरों से बचाव को लेकर वह भागने लगा तो भूना से फतेहाबाद की दिशा में जा रहे तेज गति के ट्रक की चपेट में आकर बुरी तरह कुचला गया। हालत गंभीर होने के कारण लोग सीएचसी भूना की बजाय नागरिक अस्पताल फतेहाबाद लेकर गए। मगर चिकित्सक ने ट्रक चालक को मृत घोषित कर दिया। थाना अध्यक्ष कपिल सिहाग ने बताया कि मृतक कालूराम के परिजन सूचना मिलने के बाद सीकर से भूना के लिए रवाना हो चुके हैं। उनके आने के बाद पुलिस उनके बयान के आधार पर कार्रवाई करेगी।