फतेहाबाद। जिले में विभिन्न जगहों पर सीसीटीवी लगाने की योजना सिरे नहीं चढ़ पा रही है। इसकी मुख्य वजह सामने आ रही है विभागों का आपस में तालमेल ना होना। शुक्रवार को मंत्री देवेंद्र बबली के सामने भी मुद्दा उठा तो उन्होंने भी डीसी को निर्देश देते हुए कहा है कि संबंधित विभाग आपस में तालमेल बनाकर सीसीटीवी लगाने की योजना को जल्द से जल्द सिरे चढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
वहीं आम जनता भी इस बात से इत्तफाक रखती है कि विभाग के अधिकारियों की आपसी खींचतान या तालमेल ना होने के कारण जनहित के काम रुकते हैं। बता दें कि सरकार के आदेश के तहत अपराध पर लगाम लगाने और लोगों में सुरक्षा का माहौल बनाने के लिए अपराध संभावित और भीड़भाड़ वाली जगहों पर सीसीटीवी लगाने की योजना का प्रस्ताव बनाया गया था। इस प्रस्ताव पर शहर में मार्केट कमेटी, पुलिस विभाग व उस विभाग को शामिल रखा गया जिस विभाग की इमारत पर सीसीटीवी पर लगाया जाना है। ऐसे में सभी जरूरी औपचारिकता पूरी करके जल्द से जल्द सीसीटीवी लगाए जाने थे। लेकिन तय समय में सीसीटीवी लगाने की योजना सिरे नहीं चढ़ पाई जिसके कारण शुक्रवार को केबिनेट मंत्री देवेंद्र बबली की बैठक में भी यह मुद्दा उठा। इस पर मंत्री ने जल्द से जल्द सभी विभागों को आपस में तालमेल बनाकर सीसीटीवी लगाने की योजना को सिरे चढ़ाने के निर्देश दिए।
डीसी से बात हुई है, जल्द सिरे चढ़ाएंगे सीसीटीवी की योजना : एसपी
फतेहाबाद जिला में सीसीटीवी लगाने की योजना सिरे चढ़ाने को लेकर डीसी से बात हुई है। उन्होंने योजना से संबंधित सभी विभागों को आपस में तालमेल बनाकर जल्द से जल्द सभी जरूरी लोकेशन पर सीसीटीवी लगाने का काम पूरा करने के लिए निर्देश दे दिए हैं।
सुरिंद्र भोरिया, एसपी, फतेहाबाद।
कोट
बाजारों में सीसीटीवी लगाने की पुरानी मांग रही है। सीसीटीवी लगने से चोरी, छीनाझपटी के मामलों में आरोपियों की जल्दी पहचान हो सकती है। प्रशासन को सीसीटीवी लगवाने चाहिए।
तिलोक चंद, दुकानदार
शहर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने में सीसीटीवी की अहम भूमिका होती है। पुलिस किसी भी मुद्दे को सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सुलझा सकती है। इसलिए सीसीटीवी लगने चाहिए।
चमनदीप सिंह, दुकानदार
पुलिस व नगर परिषद प्रशासन कई बार सीसीटीवी लगाने के दावे कर चुके हैं। सीसीटीवी लगाने की योजना अब सिरे चढ़नी चाहिए। सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी अहम साबित होंगे।
राममूर्ति शर्मा, दुकानदार
बाजारों में अक्सर चोरी व छीनाझपटी की घटनाएं होती हैं। अगर प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी लगे होंगे तो असामाजिक तत्व जल्दी पकड़ में आएंगे। प्रशासन को इस योजना को सिरे चढ़ाना चाहिए।
विनीत बिश्नोई, दुकानदार