भूना। गांव बुवान में शनिवार को सरकारी स्कूल में पंचायत घर में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा विवाद को लेकर सर्व समाज की बैठक हुई, जिसमें सैकड़ों की संख्या में 36 बिरादरी के लोगों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त अजय कुमार चोपड़ा ने की। सर्व समाज के लोगों ने कहा कि गांव में आपसी भाईचारा एवं माहौल बिगाड़ने में बाहरी लोगों का योगदान है। इसलिए गांव बुवान में धारा 144 लागू करके सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए जाने का एडीसी को मांग पत्र सौंपा है। वहीं शनिवार को सीआरपीएफ की चार और कंपनियां बुवान में पहुंच गई हैं। गांव में फिलहाल तनावपूर्ण स्थिति है। इस पर एडीसी ने डीसी को धारा 144 लगाने के लिए अनुशंसा की है।
गांव में तनावपूर्ण स्थिति से निपटने के लिए लगातार 24 घंटे दो डीएसपी के नेतृत्व में सैकड़ों पुलिसकर्मी पंचायत घर में डेरा डाले हुए हैं। गौरतलब यह है कि 15 अगस्त की रात को पंचायत घर के प्रांगण में विशेष समुदाय के कुछ लोगों ने डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी थी। पंचायत घर में आंगनबाड़ी केंद्र व पंचायत का दफ्तर है, लेकिन रातों-रात विशेष समुदाय के लोगों द्वारा प्रतिमा लगाए जाने पर ग्रामीणों ने कब्जा करने का आरोप लगाया। इसकी शिकायत ग्रामीणों ने उपायुक्त फतेहाबाद को की थी। दो दिन तक कोई कार्यवाई नहीं होने के कारण ग्रामीणों ने कई घंटों तक दो दिन टोहाना-भूना रोड जाम किया था। मगर दोनों पक्षों के बीच टकराव की स्थिति बन गई थी। पंचायत घर से प्रतिमा हटाने को लेकर खूब हंगामा भी हुआ था। इसके बाद तनावपूर्ण हालात बन गए थे। डीसी व एसपी ने दोनों पक्षों के लोगों को आपसी भाईचारा एवं शांति बनाए रखने की अपील की थी। प्रतिमा विवाद निपटाने के लिए डीसी व एसपी ने बीच का रास्ता निकालने के लिए प्रयास किए, लेकिन विशेष समुदाय के लोग कुछ भी मानने को तैयार नहीं है। विशेष समुदाय के लोगों ने रविवार को प्रतिमा विवाद से संबंधित एक बैठक बुलाई हुई है। विशेष समुदाय की प्रस्तावित बैठक की भनक के चलते प्रशासनिक अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष प्रबंध कर रहे हैं।
सर्व समाज के साथ एडीसी ने की बैठक
शनिवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भवन के प्रांगण में सर्व समाज की एक सद्भावना बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता एडीसी अजय कुमार चोपड़ा ने की। बैठक में नगर परिषद के सीईओ संजय डीआरओ प्रमोद चहल, बीडीपीओ विनय प्रताप सिंह, नायब तहसीलदार विकास कुमार, समाज शिक्षा एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र सिंह कुंडू, डीएसपी अजायब सिंह भी शामिल हुए। बैठक में सर्व समाज के सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंचे, जिनमें निवर्तमान सरपंच हीरालाल कंबोज, प्रधान बलदेव सिंह, कामरेड अंग्रेज सिंह, सरदार सरवन सिंह, पूर्व सरपंच सुरजीत ढाका, पूर्व सरपंच जोगिंदर सिंह, पूर्व सरपंच प्रतिनिधि दलबीर सिंह यादव, धर्मपाल शर्मा सहित सैकड़ों पहुंचे। वहीं विशेष समुदाय के नंबरदार बधावा राम, पंचायत सदस्य बलकार सिंह, सोनू झीमर, धर्मेंद्र धानक, कुलदीप खान, सुरजीत चौहान ने सद्भावना बैठक में शिरकत की। बैठक में गणमान्य व्यक्तियों ने पंचायत घर में लगाई गई डॉक्टर भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को लेकर पैदा हुए विवाद को निपटाने के लिए तीन घंटे तक अपने विचार सांझा किए। परंतु बैठक में सर्वसम्मति से सर्व समाज केे लोगों कामरेड अंग्रेज सिंह नेतृत्व में लिखित मांग पत्र एडीसी को देकर तुरंत प्रभाव से धारा 144 लगाने की मांग उठाई। सर्व समाज के लोगों का कहना है कि रविवार को बाहरी लोग गांव में आकर अशांति फैला सकते हैं। इसलिए गांव के सामाजिक ताने-बाने को खतरा है। बाहरी लोगों पर प्रशासन रोकथाम सख्ती से लागू करें।
सीआरपीएफ ने संभाला मोर्चा
रविवार को सीआरपीएफ की चार कंपनियां बुवान पहुंच गई हैं, जिन्हें पंचायत घर के अतिरिक्त आसपास की गलियों में तैनात किया गया है। पूरे गांव में सेना एवं पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चौकसी बढ़ा दी है। जबकि आरएएफ की चार कंपनियों में से दो कंपनियों को रिलीव किया गया है।
एडीसी अजय चोपड़ा को लगाया ऑलओवर इंचार्ज
गांव बुवान में प्रतिमा विवाद के हालात से निपटने के लिए एडीसी अजय कुमार चोपड़ा को तुरंत प्रभाव से ऑलओवर इंचार्ज नियुक्त किया गया है। जो किसी भी विकट परिस्थितियों में कोई भी निर्णय ले सकेंगे। एडीसी ने शनिवार को पहले ही दिन सर्व समाज की सद्भावना बैठक बुलाकर लोगों को विवाद निपटाने के लिए प्रेरित किया।
हांसी के एक वकील ने डीसी व एसपी पर की अशोभनीय टिप्पणी
हांसी के एक वकील ने सोशल मीडिया पर लाइव वीडियो वायरल की है। इसमेें उसने डीसी व एसपी फतेहाबाद के खिलाफ कई बार अशोभनीय टिप्पणियां भी की। उपरोक्त वकील ने अधिकारियों की मौजूदगी में विशेष समुदाय के लोगों को भड़काऊ भाषण दिया। यह वीडियो चर्चा में है।
सर्व समाज के लोगों के मांग पत्र के बाद उपायुक्त फतेहाबाद से गांव बुवान में तुरंत प्रभाव से धारा 144 लगाने की मांग की गई है। डीसी को धारा 144 लगाने के लिए अनुशंसा की है।
-अजय चोपड़ा एडीसी फतेहाबाद
गांव में कानून व्यवस्था के लिहाज से बरहाल स्थिति कंट्रोल में है। सीआरपीएफ व आरएएफ तथा पुलिस के जवान दिन रात लगातार ड्यूटी दे रहे हैं। दोनों ही पक्षों के लोगों से शांति व भाईचारा बनाए रखने के लिए अलग-अलग बैठक का दौर चल रहा है।
-अजायब सिंह, डीएसपी फतेहाबाद।
बैठक के दौरान उपस्थित ग्रामीण।- फोटो : Fatehabad
गांव बुवान में तैनात सुरक्षा बलों के जवान।- फोटो : Fatehabad