गांव गोरखपुर में शराब ठेकेदार पर जानलेवा हमले मामले को लेकर सोमवार को गोरखपुर व कन्नौह गांव की पंचायत एसपी फतेहाबाद से मिली। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने भूना पुलिस की कार्रवाई से पीड़ित के असंतुष्ट होने के कारण अब जांच सीआईए फतेहाबाद को सौंप दी है।
शराब ठेकेदार राजकुमार उर्फ राजा ने 8 सितंबर की रात को उस पर हुई फायरिंग मामले में भूना पुलिस पर साजिशकर्ता को बचाने का आरोप लगाया था। रविवार को पीड़ित ठेकेदार भूना थानाध्यक्ष से मिले थे और साजिशकर्ता और हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की थी। मगर थानाध्यक्ष ने रामफल उर्फ बच्ची फरीदपुर को गिरफ्तार करने से इंकार कर दिया था। इसके बाद ठेकेदार ने पुलिस के उच्च अधिकारियों तथा गृहमंत्री को शिकायत भेजी है। वहीं, सोमवार को गांव गोरखपुर के नंबरदार सतपाल सिंह, किसान नेता एवं कामरेड मिंटू सिवाच, सत्यवान नंबरदार, किसान नेता काला प्रधान कन्नोह व बलवीर सिंह तथा ठेकेदार राजकुमार उर्फ राजा सहितकई लोगों ने एसपी से मिलकर पूरे घटनाक्रम से अवगत करवाया। उन्होंने एसपी को बताया कि भूना पुलिस मुख्य साजिशकर्ता को बचाने का प्रयास कर रही है। उपरोक्त साजिशकर्ता रामफल उर्फ बच्ची पुलिस थाने में सोमवार को खुलेआम घूमते हुए देखा गया था। इसलिए भूना पुलिस की कार्यप्रणाली संदेह के घेरे में है। हालांकि, भूना पुलिस ने 10 सितंबर को राजकुमार उर्फ राजा के बयान पर चार हमलावरों तथा साजिशकर्ता रामफल उर्फ बच्ची फरीदपुर के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 307, 34, 120बी तथा 25-54-59 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया हुआ है।
कोट
ठेकेदार राजकुमार उर्फ राजा व एक प्रतिनिधिमंडल एसपी साहब से मिले थे। गोरखपुर में शराब ठेकेदार पर फायरिंग किए जाने के मामले को सीआईए फतेहाबाद में देने की प्रक्रिया चल रही है। अभी तक लिखित आदेश जारी नहीं हुए हैं।
अजायब सिंह, डीएसपी, फतेहाबाद।