रतिया। अनाज मंडी में तीन व्यापारियों के लाइसेंस एसडीएम के निर्देशों पर निलंबित किए जाने के बाद व्यापारियों द्वारा शुक्रवार को अनिश्चितकालीन हड़ताल का अल्टीमेटम देते ही प्रशासन बैकफुट पर आ गया। व्यापारियों के वीरवार के कड़े तेवरों को देखते हुए शुक्रवार सुबह ही एसडीएम ने व्यापार मंडल के प्रधान राकेश कंबोज व अन्य व्यापारियों के साथ बैठक कर निलंबित किए गए तीनों लाइसेंस बहाल कर दिए। इससे व्यापारियों ने अपनी हड़ताल वापस ले ली। वहीं, व्यापार मंडल आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान ने चेतावनी दी कि अगर आगे से व्यापारियों के साथ सत्ता पक्ष के आदेशों पर धक्काशाही की गई तो वह आंदोलन करेंगे। बैठक में मार्केट कमेटी सचिव यशपाल मेहता भी मौजूद रहे।
व्यापार मंडल आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान राकेश कंबोज ने बताया कि मार्केट कमेटी प्रशासन द्वारा अनाज मंडी के व्यापारियों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए थे जबकि व्यापारियों का कोई कसूर नहीं था। इसको लेकर व्यापारियों ने हड़ताल की चेतावनी दी थी और लाइसेंस बहाल करने की मांग की थी। मार्केट कमेटी प्रशासक की तरफ से बैठक करने का मैसेज आया, जिसमें व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने प्रशासक पर सत्ता पक्ष के दबाव में आकर जबरदस्ती लाइसेंस निलंबित करने के आरोप लगाए, जिसके बाद एक बार बैठक बीच में ही स्थगित हो गई थी। मगर बाद में मार्केट कमेटी प्रशासक ने तीनों व्यापारियों के लाइसेंस बहाल करने के निर्देश दिए, जिसके बाद व्यापारी माने।
एसडीएम बोले, दबाव में नहीं बल्कि गेहूं का वजन कम मिलने पर किए थे लाइसेंस निलंबित
इस दौरान एसडीएम सुभाष चंद्र ने व्यापारियों के समक्ष स्पष्ट किया कि उन्होंने किसी भी प्रकार के दबाव में लाइसेंस निलंबित नहीं किए हैं। गेहूं के बैग में वजन कम पाए जाने और सफाई न होने के कारण ही लाइसेंस निलंबित किए थे। उन्होंने व्यापारियों से आह्वान किया कि वह आगे से सरकार की हिदायतों के अनुसार ही गेहूं की भराई का कार्य करें। बैठक में व्यापार मंडल सचिव कृष्ण तनेजा, राजीव गर्ग, प्रिंस गर्ग, मनदीप सिंह, राजविंदर चहल, निशांत ढुकिया, सुरेश झांब, विनोद जैन, शिव गर्ग, रामचंद्र तनेजा, नरेंद्र सुरा, नरेंद्र चुघ, रमेश मेहता, बलबीर सिंह, हरबंस खन्ना, सतीश कुमार, बलविंदर सिंह सहित कई व्यापारी मौजूद थे।
एसडीएम कार्यालय में व्यापारियों के साथ बैठक हुई थी। मार्केट कमेटी प्रशासक ने निलंबित लाइसेंस बहाल करने के निर्देश दिए थे, जिसके बाद निलंबित लाइसेंस को बहाल कर दिया गया है।
यशपाल मेहता, सचिव, मार्केट कमेटी रतिया