फतेहाबाद में विधायक आवास के बाहर धरने पर बैठे सरपंच।
फतेहाबाद। ई-टेंडरिंग व राइट टू रिकॉल को लेकर सरपंचों ने बुधवार को भी फतेहाबाद के विधायक दुड़ाराम के आवास के बाहर धरना दिया। अपने हक के लिए लड़ रही मनीषा पायल भी बुधवार को सरपंचों के धरने में पहुंची और उपस्थित समस्त सरपंचों से अपने सम्मान की लड़ाई में साथ देने की अपील भी की।
इस दौरान हरियाणा प्रदेश एसोसिएशन के प्रदेश प्रवक्ता एवं भट्टूकलां सरपंच एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रमोहन पोटलिया ने कहा कि पहले खंड स्तर पर सरपंचों के धरने दिए थे, अब विधायकों के आवास के बाहर धरने दिए जा रहे हैं। यह धरने तब तक जारी रहेंगे, जब तक कि विधायक विधानसभा में उनकी मांगों को नहीं उठाते। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल सरपंचों की लड़ाई नहीं, बल्कि गांवों में बसने वाले हर व्यक्ति की लड़ाई है। सरपंच अपने हकों के लिए पीछे हटने वाले नहीं हैं।
मनीषा पायल भी पहुंची धरने पर
गांव बनावाली निवासी एवरेस्ट विजेता मनीषा पायल गांव के प्रतिनिधिमंडल के साथ विधायक दुड़ाराम आवास के बाहर धरनारत सरपंचों के बीच पहुंची। यहां ग्रामीणों संग सरपंचों को समर्थन देते हुए मनीषा पायल ने उपस्थित समस्त सरपचों से अपने सम्मान की लड़ाई में साथ देने का आह्वान किया। इसके बाद सरपंच एसोसिएशन की तरफ से प्रदेश प्रवक्ता चंद्रमोहन पोटलिया ने मनीषा पायल ने विश्वास दिलाया कि सभी सरपंच अपने क्षेत्र की बेटी के सम्मान की लड़ाई में हर तरह से सहयोग करेंगे। इस कड़ी में प्रदेश प्रवक्ता ने बताया कि फतेहाबाद के सभी सरपंच मनीषा पायल के समर्थन में वीरवार को पुराना लोक निर्माण विश्राम गृह में पत्रकार वार्ता भी करेंगे।