विधायक के घर के सामने बैठे सरपंच।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
ई-टेंडरिंग के खिलाफ पिछले कई दिनों से आंदोलनरत सरपंचों ने सोमवार को फतेहाबाद के विधायक दुड़ाराम के घर के बाहर रोड जाम कर दिया। इससे भट्टू रोड की तरफ से आने वाले वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ी। बाद में वाहनों को बीघड़ रोड से निकाला गया। इसके बाद सरपंचों ने शहर में रोष जुलूस निकाला। काली पट्टी लगाकर प्रदर्शन कर रहे सरपंचों ने ई टेंडरिंग को लेकर उनके विरोध के बावजूद विकास कार्यों के टेंडर लगाने का दबाव बनाने पर रोष जाहिर किया।
हरियाणा सरपंच एसोसिएशन के प्रदेश प्रवक्ता चंद्रमोहन पोटलिया ने कहा कि इतने दिनों से सरपंच अलग अलग तरीकों से अपना विरोध जता रहे हैं, लेकिन सरकार तानाशाही रवैया अपनाते हुए बातचीत तक नहीं कर रही है। इससे ग्रामीण अंचल की जनता में भारी रोष है। सरकार पंचायतीराज संस्थाओं को कमजोर करने में लगी हुई है। बार बार सरपंचों को भ्रष्टाचारी बताने की कोशिश हो रही है, इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।