फतेहाबाद। गांव एमपी रोही के समीप ढाणी में करीब एक माह पूर्व हुई समीर नाम के युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतक और आरोपी आपस में दोस्त थे लेकिन घटना वाले दिन शराब के नशे में समीर आरोपियों के घर आया था और गलत नीयत से घर में घुसने के शक में यह हत्या करने की बात आरोपियों ने कही है। आरोपियों को पुलिस ने अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
गौरतलब है कि सदर थाना पुलिस ने 13 जनवरी गांव मोहम्मदपुर रोही के समीप स्थित एक ढाणी में समीर नाम के युवक की पीट पीटकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मृतक समीर के भाई देवेंद्र सिंह की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज किया था। शिकायत में देवेंद्र ने बताया था कि उसका भाई समीर रात को उसके खेत पड़ोसी राजेश उर्फ पवन के साथ उसकी ढाणी में सोया था। इनके साथ राजेश की बुआ का लड़का सदलपुर निवासी हनुमान भी था। देवेंद्र सिंह ने आरोप लगाया था कि राजेश उर्फ पवन व हनुमान ने पीट-पीटकर उसके भाई समीर की हत्या की है। इस मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच करते हुए दोनों युवकों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने पूछताछ की तो उक्त दोनों आरोपियों ने बताया कि समीर और हमने एक साथ पहले शराब पी थी। शराब पीने के बाद समीर रात को करीब 11 बजे अपने घर के लिए निकल गया था और हम सो गए थे। लेकिन कुछ समय बाद समीर वापस उनके घर आया और उन्हें समीर पर शक हुआ कि वह गलत नीयत से घर पर आया है। इस पर समीर से उनका झगड़ा हो गया और उन्होंने उसकी पिटाई कर दी जिसमें उसे चोटें लगी और उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने हत्या के मामले को सुलझाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आरोपियों ने मृतक के कुछ कपड़े और हमले में इस्तेमाल की गई कपड़े धोने का लकड़ी का औजार भी बरामद कर लिया है।
कोट
आरोपियों ने कबूली हत्या की बात : एसएचओ
एपमी रोही गांव के समीप ढाणी में समीर नाम के युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से मृतक के कुछ कपड़े व हत्या में इस्तेेमाल औजार बरामद कर लिया गया है। दोनों आरोपियों ने पूछताछ में कुबूली है कि शराब पीने के बाद समीर उनके घर गलत नीयत से आया, इस शक में झगड़ा होने पर मारपीट में समीर की हत्या हो गई।
-यादविंद्र सिंह, एसएचओ, सदर थाना, फतेहाबाद।