शहर व आसपास के इलाकों में सड़कों पर बने गड्ढों को भरने का काम शुरू हो चुका है। लोक निर्माण विभाग ने शहर में कई जगहों पर गड्ढे भर दिए हैं। नगर परिषद प्रशासन की ओर से भी गड्ढों को भरने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके लिए कार्यकारी अधिकारी ने कर्मचारियों को आदेश दे दिए हैं। गौरतलब है कि संवाददाता ने सड़कों पर गड्ढों की समस्या को 2 अगस्त के अंक में प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद प्रशासन ने समस्या पर संज्ञान लिया है और इसके निवारण के प्रयास शुरू किए हैं।
दरअसल, बारिश में सड़कों की हालत लगातार खस्ता हो चुकी है। बारिश में खस्ता हाल सड़कों पर हादसा होने की आशंका रहती है। सिर्फ मुख्य मार्गों पर ही नहीं, बल्कि शहर की गलियों तक में गड्ढे पड़ चुके हैं। थोड़ी सी बारिश होते ही गड्ढों में पानी भर जाता है, जिसके बाद पता ही नहीं चलता कि पानी में गड्ढा बना हुआ है और इससे हादसा हो जाता है। सड़कों की हालत पहले से ही खस्ता थी। बीते सप्ताह लगातार बारिश होने के चलते हालत और ज्यादा खराब हो चुकी है।
गड्ढे गहरे हो चुके हैं। थोड़ी सी बूंदाबांदी के बाद पानी भर जाता है। इसके बाद पता ही नहीं चलता कि गड्ढा कहां पर है और कितना गहरा है। कई बार दूर से बाइक गति में आता है और गड्ढे में टायर टकराते ही बाइक का संतुलन बिगड़ जाता है। लोग हादसा होने से बाल-बाल बचते हैं। यह समस्या प्रकाशित होने के बाद लोक निर्माण विभाग ने तत्काल कार्य शुरू कर दिया है। फिलहाल शहर से गुजरने वाले मुख्य रोड व लोक निर्माण विभाग के अधीन आने वाले मार्गों पर गड्ढों को भरने का काम जारी है। इसके अलावा नगर परिषद ने भी समस्या पर संज्ञान ले लिया है। नप के ईओ अरविंद बाल्यान ने संबंधित कर्मचारियों को आदेश जारी कर दिए हैं कि गड्ढों को जल्द भरा जाए ताकि हादसे की आशंका न रहे।
इन जगहों पर बन चुके हैं गहरे गड्ढे
फतेहाबाद शहर में फिलहाल बीघड़ रोड, बस स्टैंड के करीब, रतिया चुंगी, परशुराम चौक, जवाहर चौक, माजरा रोड, मॉडल टाउन, नागरिक अस्पताल रोड आदि जगहों पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन चुके हैं।
बारिश के दिनों में सड़कों में कई जगह गड्ढे बन गए। यहां पर हादसों की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। शहर में जो गलियां व सड़कें नगर परिषद के अधीन हैं, उनका जायजा लेकर मरम्मत करवाई जाएगी। इसको लेकर हमने कर्मचारियों को आदेश जारी कर दिए हैं। इसके अलावा हम जल भराव की समस्या के निवारण में भी जुटे हैं ताकि कहीं पानी जमा ही न हो।
-अरविंद बाल्यान, ईओ, नगर परिषद।
पुराने बस अड्डे के पास सड़क पर भरे गए गड्ढ़े। - फोटो : Fatehabad