फतेहाबाद। सरकारी स्कूल से दसवीं कक्षा पास कर चुके विद्यार्थियों को नीट और आईआईटी की निशुल्क कोचिंग देने के लिए शुरू की गई सुपर 100 योजना के लिए जिले में मंगलवार से रजिस्ट्रेशन शुरू हो गए हैं। सुपर 100 कार्यक्रम का शिक्षा विभाग ने पहली बार शेड्यूल जारी किया है। 31 मई तक रजिस्ट्रेशन होंगे और फिर पहले चरण के तहत परीक्षा 4 जून को होगी। 15 जुलाई को शिक्षा विभाग चयनित विद्यार्थियों को कोचिंग सेंटर अलॉट करके कक्षाएं भी शुरू कर देगा।
शिक्षा विभाग ने इस बार योजना में बड़ा फेरबदल किया है। इस बार 600 विद्यार्थियों को सुपर 100 योजना के तहत नीट और जेईई की कोचिंग दी जाएगी। 400 विद्यार्थियों को शिक्षा विभाग ऑफलाइन और 200 विद्यार्थियों को प्रतीक्षा सूची में रखकर ऑनलाइन कोचिंग देगा।
ये है सुपर 100 कार्यक्रम का शेड्यूल
रजिस्ट्रेशन : 31 मई तक
प्रथम चरण परीक्षा : 4 जून
परिणाम जारी प्रथम चरण परीक्षा : 20 जून
परिणाम जारी द्वितीय चरण परीक्षा : 10 जुलाई
कक्षाएं शुरू : 15 जुलाई
रजिस्ट्रेशन के लिए नौवीं कक्षा में 60 फीसदी अंक जरूरी
शिक्षा विभाग पहले दसवीं कक्षा का परिणाम जारी होने के बाद सुपर 100 कार्यक्रम के रजिस्ट्रेशन शुरू करता है। लेकिन इस बार पहले ही कर दिया गया है। इस बार ऐसे विद्यार्थी जिन्होंने सरकारी स्कूल से दसवीं कक्षा की वर्ष 2021-22 सत्र की परीक्षा दी है। इसके अलावा विद्यार्थी द्वारा नौवीं कक्षा की परीक्षा में 60 फीसदी अंक लिए होने चाहिए।
सुपर 100 में जिले के चुने गए विद्यार्थी
वर्ष चयनित विद्यार्थी
2018-19 13
2019-2020 33
2020-21 38
कोट
सुपर -100 कार्यक्रम को लेकर शिक्षा विभाग ने शेड्यूल जारी कर दिया था। इसी के तहत विद्यार्थियों के रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिए गए है। प्रदेश से 600 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। 400 विद्यार्थियों को आवासीय कोचिंग दी जाएगी और 200 विद्यार्थियों को प्रतीक्षा सूची में रखकर ऑनलाइन माध्यम से कोचिंग दी जाएगी। कोई विद्यार्थी आवासीय कोचिंग छोड़ देता है तो प्रतीक्षा सूची के विद्यार्थी को मौका दिया जाएगा।
-रमेश वर्मा, जिला गणित विशेषज्ञ