रतिया। इसी साल जून महीने में गांव सरदारेवाला में एक युवक का तलवार से हाथ काटने के 9 आरोपियों को सदर पुलिस जम्मू जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई है। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने सभी को एक दिन के रिमांड पर भेज दिया है।
रिमांड के दौरान आरोपियों से झगड़े के दौरान हाथ काटने में प्रयुक्त तलवार व अन्य आरोपियों के बारे में पूछताछ की जाएगी। ये आरोपी गांव नंगल, बलियाला और रतिया के निवासी है। सभी जम्मू में एक टैक्सी ड्राइवर की हत्या के आरोप में जेल में बंद थे।
सदर थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि सदर पुलिस ने इसी वर्ष 12 जून को गांव नंगल निवासी गुरदीप की शिकायत पर गांव नंगल निवासी गोपी, बलियाला निवासी साहिल सहित 20-25 अन्य युवकों पर गांव नंगल के दीपू पर हमला कर उसका हाथ काटने के आरोप में केस दर्ज किया था।
गुरदीप ने पुलिस को बताया था कि 12 जून शाम को नगल-सरदारेवाला सैमनाले के पास गोपी ने अपने साथियों के साथ लाठी डंडे, तलवार व गंडासे के साथ दीपू पर हमला बोल दिया। गोपी ने अपने हाथ में लिया हुआ लोहे का औजार दीपू के बाएं हाथ पर मारा, जिससे दीपू का हाथ कटकर नीचे गिर गया।
टैक्सी ड्राइवर की हत्या करने का भी है आरोप
सदर थाना प्रभारी ने बताया कि सभी आरोपी अगस्त माह में जम्मू के कटरा में थे कि इस दौरान गांव नंगल निवासी गोपी, बलियाला निवासी साहिल, लकी, अर्जुन, गुरसेवक, सुखजिंदर,भाना तथा रतिया निवासी कुलदीप ने 19 अगस्त को रक्षाबंधन वाले दिन वहां से टैक्सी किराये पर लेकर टैक्सी ड्राइवर की हत्या कर उसका शव पहाड़ों के नीचे फेंक दिया। छीनी गई टैक्सी के साथ गांव नगल, बलियाला और रतिया अपने घरों में जाकर छुप गए थे। जिनका पीछा करते हुए जम्मू पुलिस 2 दिन बाद उनके ठिकाने पर पहुंची और उन्हें हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर जम्मू ले गई। जहां जम्मू कोर्ट ने आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। वहीं से सदर पुलिस 12 जून के मामले में शामिल 9 आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई है।दीपू के शोर मचाने पर सभी आरोपी मौके से भाग गए। पुलिस ने आरोपियों की तलाश को लेकर कई बार उनके ठिकाने पर दबिश दी। मगर आरोपी जम्मू, हिमाचल और राजस्थान सहित अन्य ठिकानों पर छुपते रहे।