फतेहाबाद। नगर परिषद ने आखिरकार शहर के 60 किलोमीटर क्षेत्र में सफाई के लिए निजी एजेंसी को वर्क ऑर्डर दे दिया है। सिरसा की एजेंसी सफाई करने के लिए कर्मचारी रखेगी और अलॉट किए गए क्षेत्र में सफाई करेगी। इसका फायदा शहर की बाहरी कॉलोनियों को होगा जो कि करीब साल से सफाई का इंतजार कर रही है।
बता दें कि बाहरी कॉलोनियों के नगर परिषद की सीमा में शामिल होने के बाद भी यहां पर सफाई शुरू नहीं हो पाई। एजेंसी दो से तीन दिन में काम शुरू करेगी। हालांकि इससे पहले नगर परिषद एजेंसी से वर्क प्लान लेगा। एजेंसी को करीब 70 से 80 सफाई कर्मचारी रखने होंगे।
संबंधित क्षेत्र में अगर सफाई नहीं होती है तो कंपनी खुद जिम्मेदार होगी। नगर परिषद ने एजेंसी को 11.80 लाख रुपये प्रति माह में ठेका दिया है। आचार संहिता लगने से पहले ही इसको लेकर प्रक्रिया शुरू हो गई थी और बीच में ही टेंडर खोलकर निदेशालय से मंजूरी मांगी गई थी।
तीन माह पहले लगा ठेका नहीं चढ़ा था सिरे : शहर का क्षेत्र बढ़ने और कर्मचारियों की कमी के कारण सफाई नहीं हो पा रही थी। इसके चलते नगर परिषद ने इसको लेकर तीन माह पहले भी टेंडर लगाया था लेकिन एजेंसी का रेट करीब साढ़े 8 लाख रुपये था। एजेंसी ने जो सफाई का प्लान दिया था, उससे अधिकारी संतुष्ट नहीं थे और टेंडर रद्द कर दिया गया था। नगर परिषद का ये प्रोजेक्ट करीब डेढ़ साल पुराना है, लेकिन सिरे नहीं चढ़ पाया।
बाहरी कॉलोनियों को होगा फायदा : ठेके पर सफाई का काम देने का फायदा शहर की सीमा बढ़ने के बाद उसमें शामिल हुई कॉलोनियों को होगा। नगर परिषद के प्रस्ताव में 60 किलोमीटर का एरिया शामिल किया गया है। इस क्षेत्र में सफाई की जिम्मेदारी एजेंसी की होगी। इससे शहर के हंस कॉलोनी, स्वामी नगर, हरनाम सिंह कॉलोनी, आजाद नगर, आदर्श नगर, मिनी बाइपास, हिसार-सिरसा रोड को फायदा होगा।
डोर टू डोर एजेंसी का 6 माह के लिए बढ़ चुका ठेका
डोर टू डोर कचरा उठान एजेंसी का ठेका निजी एजेंसी को एक माह के लिए नहीं दिया जाएगा बल्कि पांच साल के लिए होगा। इसको लेकर निदेशालय ने नगर परिषद से प्लान मांगा हुआ है। पहले से काम कर रही डोर टू डोर कचरा उठान एजेंसी का ठेका जून माह में खत्म हो गया था लेकिन बाद में इसे 6 माह के लिए बढ़ा दिया गया है।
नगर परिषद के पास कर्मियों की स्थिति
नगर परिषद वार्ड
27
जनसंख्या
92 हजार
प्रॉपर्टी
30 हजार
स्थायी कर्मचारी
34
पालिका रोल पर कर्मी
116
रोजाना शहर से निकल रहा कचरा
30 से 35 टन
शहर के 60 किलोमीटर क्षेत्र में सफाई को लेकर प्रस्ताव तैयार करके टेंडर लगाया गया था। प्रक्रिया पूरी करने के बाद एजेंसी को वर्क ऑर्डर दे दिया है। एजेंसी दो से तीन दिन में काम शुरू कर देगी।
- सुरेंद्र कुमार, ईओ, नगर परिषद