भूना। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम ने शुक्रवार को खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के गेहूं भंडारण गोदामों पर छापे मारे। इस दौरान वर्ष 2019-20 और 2020-2021 के स्टॉक में गेहूं के 11 हजार 118 बैग गायब मिले हैं जबकि 1836 बैग में गेहूं खाने योग्य ही नहीं है। पुलिस ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के सहायक निरीक्षक लेखराज की शिकायत पर उप निरीक्षक राजेंद्र शर्मा के खिलाफ गबन का केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम के निरीक्षक इंद्र सिंह व उप निरीक्षक चंद्रभान के नेतृत्व में हिसार रोड पर बंसल ओपन प्लिंथ व उकलाना रोड पर नीरूबाला ओपन प्लिंथ पर कई घंटों तक सर्कल जिला खाद्य आपूर्ति विभाग व उप निरीक्षक राजेंद्र शर्मा के गेहूं बैग व रिकॉर्ड की जांच की गई। रिकॉर्ड के अनुसार भारतीय खाद्य निगम को प्रेषित किए गए गेहूं के बाद 11 हजार 118 बैग का गबन होना पाया गया। इनमें वर्ष 2019-20 के 9438 बैग तथा वर्ष 2020-21 के 1680 गेहूं के बैग गायब मिले हैं।
उपनिरीक्षक बोले- मुझे धक्के से फंसाया, मेरा दोष नहीं
इस मामले में उपनिरीक्षक राजेंद्र शर्मा का कहना है कि उन्हें धक्के से फंसाया जा रहा है। उनका दोष नहीं है क्योंकि खाद्य एवं आपूर्ति विभाग में गेहूं भंडारण के गोदाम की जवाबदेही में जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक से लेकर उप निरीक्षक तक जिम्मेदार होते हैं। अगर किसी गोदाम में गेहूं के बैग कम होते हैं तो संबंधित अधिकारियों पर रेशों प्रतिशत के हिसाब से जवाबदेही बनती है। इस संबंध में डीएफएससी विनीत जैन से बातचीत की तो उन्होंने बीमारी का हवाला देकर संतोषजनक जवाब नहीं दिया। उन्होंने लगातार 15 महीनों के बीच गोदाम भंडारण की जिम्मेदारी किसे दी गई थी, इसको लेकर भी टालमटोल करते हुए जवाब देने से बचने की कोशिश की।
बारिश में बुरी तरह से भीग गया था गेहूं
वर्ष 2019-20 में विभाग ने राजेंद्र शर्मा को जबरन सेवा मुक्त कर दिया था और 15 महीनों तक वह घर पर रहे। इस दौरान बंसल ओपन प्लिंथ में भंडारण गेहूं बारिश में बुरी तरह से भीग गया था। उस दौरान कमेटी में शामिल अधिकारियों को बचाने के लिए राजेंद्र शर्मा को बलि का बकरा बना दिया गया। हाईकोर्ट में याचिका दायर करने के बाद विभाग ने 15 महीनों के बाद 1 जनवरी 2021 को निरीक्षक से उप निरीक्षक डिमोट करके राजेंद्र शर्मा को ज्वाइनिंग दे दी थी। इस 15 महीनों के बीच हुई गड़बड़ी का पूरा ठीकरा राजेंद्र शर्मा पर फोड़ दिया गया है। पुलिस ने फिलहाल केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोट
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के हिसार रोड व उकलाना रोड पर दो गोदामों में निरीक्षण किया था। जहां से गेहूं के बैग गायब मिले हैं। इसको लेकर खाद्य आपूर्ति विभाग के निरीक्षक लेखराज की शिकायत पर उप निरीक्षक राजेंद्र शर्मा के खिलाफ गबन का केस दर्ज करवाया गया है।
-इंद्र सिंह, प्रभारी, मुख्यमंत्री उड़नदस्ता टीम
भूना में गोदाम में जांच करते हुए मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम।- फोटो : Fatehabad