पंजाब पुलिस ने हरियाणा के फतेहाबाद जिले के रतिया के सदर थाना में हरियाणा पुलिस के साथ बैठक की। बैठक में मुख्य तौर पर मानसा के डीएसपी हेमंत कुमार शामिल हुए। बैठक में हरियाणा पुलिस की तरफ से पंजाब के साथ लगती पुलिस चौकियों के प्रभारी, सदर थाना प्रभारी रमेश कुमार, शहर थाना प्रभारी रूपेश चौधरी, जाखल थाना के प्रभारी हरपाल सिंह, ब्राहमणवाला चौकी प्रभारी सज्जन कुमार, नागपुर चौकी प्रभारी जितेंद्र सिंह, सीआईए स्टाफ के रिसाल सिंह मौजूद रहे।
डीएसपी हेमंत कुमार ने कहा कि पंजाब का काफी क्षेत्र जिला फतेहाबाद के रतिया के साथ लगता है। पंजाब में अगले माह चुनाव है, ऐसे में चुनाव शांतिपूर्वक करवाने के लिए पंजाब पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाए ताकि कोई व्यक्ति चुनावों में खलल न डाल सके।
उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस चुनावों को लेकर मुस्तैद है, लेकिन फिर भी हरियाणा पुलिस पंजाब पुलिस का सहयोग करें। सदर थाना प्रभारी रमेश कुमार ने कहा कि हरियाणा पुलिस पंजाब पुलिस का पूरा सहयोग करेगी। पंजाब के बॉर्डर पर पुलिस की निगरानी बढ़ाएगी। पंजाब से आने व जाने वाले सभी वाहनों की गहनता से जांच करेंगे ताकि पंजाब में अगले माह होने वाले विधानसभा के चुनावों को बिना किसी खलल के शांतिपूर्वक संपन्न करवाया जा सके।