फतेहाबाद के नगर परिषद में पानी न होने से खाली हुआ वाटर कूलर
फतेहाबाद। जनस्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने पानी लीकेज को ठीक करते समय लापरवाही दिखाते हुए नगर परिषद कार्यालय के पानी कनेक्शन को ही मेन लाइन से काट दिया और बंद कर दिया। नगर परिषद कार्यालय में वीरवार को जब टंकियों में पानी खत्म हुआ तो पता चला कि सप्लाई ही नहीं आ रही है। नगर परिषद अधिकारियों ने वीरवार सुबह ही जनस्वास्थ्य विभाग अधिकारियों को अवगत करवाया लेकिन कोई भी कनेक्शन को जोड़ने के लिए नहीं पहुंचा। हालात ये हो गए हैं कि नगर परिषद अधिकारी और कर्मचारी पानी को तरस गए हैं। शौचालय में ही हाथ धोने को पानी नहीं बचा।
जनस्वास्थ्य विभाग अधिकारियों ने शुक्रवार को कनेक्शन जोड़ने का आश्वासन दिया है। बताया जा रहा है कि तीन से चार दिन पहले जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा मुख्य रोड पर दमकल विभाग कनेक्शन को ठीक किया था। इस दौरान कर्मचारियों ने नगर परिषद के पानी कनेक्शन को काट दिया और सप्लाई बंद कर दी। नगर परिषद में जब टूंटियों में पानी नहीं आया तो कर्मचारियों ने देखा कि टंकियां ही सूख चुकी थीं और पता चला कि कनेक्शन ही काट दिया गया है।
-पानी का कनेक्शन लीकेज था। उसे ठीक किया गया था। इस दौरान नगर परिषद के कनेक्शन की सप्लाई बंद हो गई। वीरवार सुबह ही बताया गया है और शुक्रवार को जोड़ दिया जाएगा।
- बलविंद्र सिंह, कनिष्ठ अभियंता, जनस्वास्थ्य विभाग