फतेहाबाद। गांव खाराखेड़ी में बाइक सवार महिला और युवक को पिकअप गाड़ी ने टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौत हो गई जबकि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलों को हिसार के निजी अस्पताल में ले जाया गया। यहां पर उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई और युवक का उपचार चल रहा है। मामले में सदर पुलिस ने मृतका गांव खाराखेड़ी निवासी इंद्रा के गांव के ही कुलदीप के बयान पर पुलिस ने आरोपी पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में कुलदीप ने बताया कि मिल्क प्लांट आदमपुर में नौकरी करता है। उसके खेत रॉयल स्कूल के पीछे है। दशहरा पर्व की छुट्टी होने के चलते वह खेत में गया हुआ था। जब वह खेत से आ रहा था तो गांव खाराखेड़ी में ही गांव के ही सुमित और इंद्रा देवी बाइक पर हिसार के तरफ जा रहे थे। इस दौरान पिकअप गाड़ी ने पीछे से टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार सुमित और इंद्रा देवी बाइक से नीचे गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए हिसार के निजी अस्पताल ले जाया गया। यहां पर उपचार के दौरान इंद्रा देवी की मौत हो गई और घायल सुमित का उपचार चल रहा है।